गाजियाबाद. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में महज 20 रुपये के विवाद ने एक दोस्त की जान ले ली. शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम एंक्लेव इलाके में बुधवार शाम एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया.
इसे भी पढ़ें- मेरठः 8 महीने की बेटी को गोद में लेकर ससुराल पहुंची महिला, दरवाजा बंद कर भगाया! 30 लाख दहेज मांगने का आरोप
नशे के लिए मांगे थे 20 रुपये, विवाद ने लिया खूनी रूप
पुलिस के अनुसार, विक्रम एंक्लेव में रहने वाले 23 वर्षीय मुस्ताक का अपने दोस्त समीर उर्फ गट्टू से 20 रुपये को लेकर विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि समीर नशा करने के लिए मुस्ताक से 20 रुपये मांग रहा था, लेकिन मुस्ताक ने पैसे देने से मना कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई. आरोप है कि गुस्से में आए समीर ने मुस्ताक के सीने में चाकू घोंप दिया. गंभीर रूप से घायल मुस्ताक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
हत्या के बाद फरार हुआ आरोपी
घटना के बाद आरोपी समीर मौके से भाग निकला. सूचना मिलने पर शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने इलाके में जांच और चेकिंग अभियान तेज कर दिया. देर रात डीएवी कट के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा.
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार के मुताबिक, पुलिस ने जब बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो वह वजीराबाद रोड की ओर से डीएलएफ की तरफ भागने लगा. पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो बाइक कूड़े के ढेर से टकराकर गिर गई. इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी. घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया.
आरोपी से हथियार और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपी की पहचान दिल्ली के सीमापुरी निवासी समीर उर्फ गट्टू के रूप में की है. उसके पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, हत्या में इस्तेमाल चाकू, 700 रुपये और तंबाकू का पैकेट बरामद किया गया है. पूछताछ में आरोपी ने मुस्ताक की हत्या की बात स्वीकार की है. पुलिस के मुताबिक, समीर के खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

