गाजियाबाद. कविनगर क्षेत्र में एनएच-9 के किनारे सुबह कार में एक कंपनी के डीजीएम मार्केटिंग का शव मिलने से सनसनी फैल गई. राहगीरों ने कार में व्यक्ति को अचेत अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने मिर्गी का दौरा पड़ने से मौत की आशंका जताई है. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.
इसे भी पढ़ें- ‘BJP को हराने के नाम पर एकजुट न हों मुस्लिम’, बुलंदशहर में इमरान मसूद की बड़ी अपील
प्रताप विहार में परिवार के साथ रहते थे अनुराग
मृतक की पहचान विजयनगर के प्रताप विहार सेक्टर-12 निवासी 51 वर्षीय अनुराग श्रीवास्तव के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, अनुराग पत्नी प्रीति, बेटी अनुषा और पांच वर्षीय बेटे आरुष के साथ रहते थे. वह बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रेसिजन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में डीजीएम मार्केटिंग के पद पर कार्यरत थे.
ऑफिस जाते समय बिगड़ी तबीयत
पुलिस के अनुसार अनुराग शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे कार से घर से ऑफिस के लिए निकले थे. लगभग आधे घंटे बाद वह कविनगर क्षेत्र में एनएच-9 के पास भवानी स्टील रोड पहुंचे. आशंका है कि इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. उन्होंने कार सड़क किनारे खड़ी की और ड्राइविंग सीट पर ही अचेत हो गए. राहगीरों ने उनके मुंह से झाग निकलता देखा और पुलिस को सूचना दी. जेब से मिले आईडी कार्ड के आधार पर उनकी पहचान हुई.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अनुराग को अस्पताल ले गई. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने मिर्गी का दौरा पड़ने की आशंका जताई है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में 18 सितंबर को मेगा मॉक एक्सरसाइज, 157 तहसीलों में परखी जाएगी आपदा से निपटने की तैयारी
बीमारी की दवा लेने की बात सामने आई
एसीपी कविनगर अभय डागा ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण स्पष्ट होगा. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. परिजनों से पूछताछ में पता चला कि अनुराग किसी बीमारी की दवा लेते थे. फिलहाल पुलिस को किसी आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.



