लखनऊ. उत्तर प्रदेश को अधिक सुरक्षित और आपदारोधी बनाने के लिए 18 सितंबर को प्रदेश के 34 जिलों की 157 तहसीलों में एक साथ मेगा मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी. इस दौरान भूकंप, रासायनिक गैस रिसाव, तरल रसायनों के फैलाव और भीषण अग्निकांड जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारियों को वास्तविक परिस्थितियों में परखा जाएगा. खोज-बचाव, सुरक्षित निकासी, चिकित्सा सहायता, राहत कार्य और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की जमीनी परीक्षा होगी.
इसे भी पढ़ें- हवा में अलायंस एयर फ्लाइट का इंजन फेल, यात्रियों की अटकी सांसें, दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग
लखनऊ में दो दिवसीय कार्यशाला में तैयार हुई रणनीति
मेगा एक्सरसाइज की तैयारियों को लेकर UPSDMA की ओर से लखनऊ में दो दिवसीय संगोष्ठी और कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें विभिन्न विभागों, विशेषज्ञ एजेंसियों और आपदा मोचन बलों के अधिकारियों ने औद्योगिक, रासायनिक और अग्नि आपदाओं से जुड़े केस स्टडी पर चर्चा की. टेबल टॉप एक्सरसाइज के जरिए भूकंप और गैस रिसाव जैसी परिस्थितियों में अधिकारियों की निर्णय क्षमता भी परखी गई.
हर जिले में बनेगा फील्ड हॉस्पिटल
18 सितंबर को सभी 34 जिलों में इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर और घटना प्रतिक्रिया दल सक्रिय रहेंगे. प्रत्येक जिले में तत्काल फील्ड हॉस्पिटल स्थापित किया जाएगा. यहां घायलों के उपचार, ट्रायज और जरूरत पड़ने पर रेफरल की व्यवस्था का अभ्यास होगा.
ट्रेन डिरेलमेंट से लेकर आग तक का होगा मॉक ड्रिल
अभ्यास में भारतीय रेल के समन्वय से भूकंप के कारण ट्रेन के पटरी से उतरने की स्थिति में राहत और बचाव का विशेष ड्रिल किया जाएगा. स्कूलों, अस्पतालों और बहुमंजिला इमारतों से लोगों की सुरक्षित निकासी, मलबे में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान भी कराया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 60 जिलों में बारिश का अलर्ट; 26 जिले बाढ़ की चपेट में
राज्य मुख्यालय से होगी रियल-टाइम मॉनिटरिंग
पूरे महाअभ्यास की राज्य मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी. आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने कहा कि अभ्यास का उद्देश्य रिस्पांस सिस्टम की वास्तविक दक्षता जांचना और कमियों को समय रहते दूर करना है. प्रमुख सचिव राजस्व अर्पणा यू. ने कहा कि आपदा से पहले जोखिम कम करना प्राथमिकता होनी चाहिए. पीएसी डीजी डॉ. आलोक सिंह ने कहा कि आपदा के समय हर सेकंड महत्वपूर्ण होता है.



