Gold-Silver Import Duty Cut: सोना-चांदी सस्ता हो सकता है। त्योहारी सीजन में मोदी सरकार सोना-चांदी पर से इंपोर्ट ड्यूटी यानी कस्टम ड्यूटी घटाने पर विचार कर रही है। जेम्स एंड ज्वेलरी काउंसिल (Gems and Jewellery Council) ने इस अहम बदलाव की तरफ इशारा किया है। जेम्स एंड ज्वेलरी काउंसिल के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने ईटी ऑनलाइन को बताया कि ऊंचे टैक्स रेट अपने मकसद में नाकाम रहे हैं, जिसके बाद सरकार इस नीति पर पुनर्विचार कर रही है।

जेम्स एंड ज्वेलरी काउंसिल के मुताबिक सोने-चांदी पर बढ़ाई गई इंपोर्ट ड्यूटी का असर बेअसर साबित हो रहा है। आयात पर लगाम लगाने के लिए बढ़ाई गई ड्यूटी के बावजूद देश में सोने की मांग में कोई खास कमी नहीं आई. इसके विपरीत तस्करी बढ़ गई है। लिहाजा अब सरकार टैक्स कटौती पर विचार कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सरकार ने जब सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाई थी, तो ज्वेलरी बॉडी ने पहले ही चेतावनी दी थी। उनका कहना था कि भारी भरकम टैक्स से अवैध कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। रोकड़े के मुताबिक, बिल्कुल ऐसा ही हुआ। सरकार को उम्मीद थी कि ड्यूटी बढ़ने से सोने का आयात गिरेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आयात तो कम नहीं हुआ, लेकिन देश में ग्रे मार्केट का दायरा काफी तेजी से फैल गया। सरकार काफी समय से सोना-चांदी पर से इंपोर्ट ड्यूटी घटाने पर विचार कर रही है। फिलहाल ड्यूटी कटौती पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। हालांकि उम्मीद है कि सरकार इंपोर्ट ड्यूटी कम कर सकती है।

इसी साल मई के महीने में 9 फीसदी बढ़ा था कस्टम ड्यूटी

बता दें कि इसी साल मई के महीने में केंद्र सरकार ने सोने तथा चांदी पर कस्टम ड्यूटी को 6 फीसदी से बढ़ाकर सीधे 15 फीसदी कर दिया था। पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने के लिए ये कदम उठाया गया था।

देश में हर साल करीब 700 से 900 टन सोने का आयात

बता दें कि पूरी दुनिया में चीन के बाद भारत सोने का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है। देश में हर साल करीब 700 से 900 टन सोने का आयात होता है। सरकारी आंकड़ों पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 26 में सोने का आयात 24 फीसदी बढ़कर 71.9 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, मात्रा के हिसाब से देखें तो आयात घटकर 721 टन रह गया। फिर भी बिल का बोझ कम नहीं हुआ है।

‘इस्लाम सब धर्मों में श्रेष्ठ, सबको मस्जिद जाना चाहिए…’, कर्नाटक के शिक्षा मंत्री बसवराज रायरेड्डी का बयान, कहा- मक्का जाना चाहता हूं, BJP भड़की

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m