गोंडा. गोंडा-अयोध्या हाईवे पर मंगलवार (20 अक्टूबर) रात भीषण सड़क हादसा हो गया. वजीरगंज थाना क्षेत्र में राजा सगरा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी लोग अयोध्या में दुर्गा प्रतिमा विसर्जित कर घर लौट रहे थे. घायलों को गोंडा मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

इसे भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में जेब में रखा मोबाइल फटा, बाइक से गिरकर युवक की मौत

राजा सगरा के पास रात 9:30 बजे हादसा

यह हादसा मंगलवार रात करीब 9:30 बजे हुआ. जानकारी के मुताबिक, गोविंदपारा गांव से लोग मंगलवार शाम करीब चार बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से दुर्गा प्रतिमा विसर्जित करने अयोध्या गए थे. प्रतिमा विसर्जित करने के बाद सभी वापस लौट रहे थे. इसी दौरान राजा सगरा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई.

संजय कोरी और आशीष गौतम की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 20 वर्षीय संजय कोरी और 15 वर्षीय आशीष गौतम के रूप में हुई है. दोनों गोविंदपारा गांव के रहने वाले थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

नौ घायलों का अस्पताल में इलाज

हादसे में नितिन, सोनू, विजय वर्मा, संतोष वर्मा, विनय कुमार, राजेश कुमार, शिवकुमार, रामकुमार और रामनारायण घायल हुए हैं. इनमें नितिन की हालत गंभीर बताई गई है. उसके दाहिने पैर का पंजा कट गया और दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया. सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है.

इसे भी पढ़ें- बाराबंकी में दुर्गा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की पिटाई, वीडियो वायरल होने पर दारोगा लाइन हाजिर

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

सड़क से गुजर रहे लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. सीओ तरबगंज डॉ. उमेश्वर प्रताप सिंह ने दो लोगों की मौत और घायलों के इलाज की पुष्टि की है. वजीरगंज पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.