गोरखपुर. गोरखपुर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को 429 करोड़ रुपये की लागत से बने शहर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का उद्घाटन किया. इसके साथ ही करीब 995 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया. उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री फ्लाईओवर पर पैदल चले और अधिकारियों के साथ परियोजनाओं का निरीक्षण किया.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, समझाइए अपने गुंडों को…मंदिर के पुजारी और बेटे पर हुए हमले को लेकर ओपी राजभर ने साधा निशाना, जानिए ऐसा क्या कहा?
जनसभा में रवि किशन पर हल्के-फुल्के अंदाज में ली चुटकी
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सांसद रवि किशन का जिक्र करते हुए कहा कि बारिश के दौरान उन्हें पानी में उतरकर हाथ से नाली साफ करते देखा था. इस पर उन्होंने रवि किशन से कहा कि “नाली साफ करने से बेहतर अतिक्रमण हटवा दीजिए, पानी अपने आप निकल जाएगा.”
इसके बाद उन्होंने रवि किशन की ओर से दिए गए भोज पर भी मजाकिया अंदाज में सवाल किया. रवि किशन द्वारा खाना खिलाने और भोज के बारे में लोगों से सीएम ने पूछा तो कुछ लोगों ने ही हाथ उठाया इस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा, “लगता है चार-पांच लोगों को ही खाना मिला.” इस पर रवि किशन ने जवाब दिया कि पूरे क्षेत्र के लोगों को भोजन कराया गया था.
बूथ से लेकर विकास तक, विपक्ष पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, अराजकता और माफिया का बोलबाला था. उन्होंने दावा किया कि अब कानून व्यवस्था बेहतर हुई है और प्रदेश में बिना भेदभाव के युवाओं को रोजगार मिल रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार ने नौ वर्षों में लाखों युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं.
स्वच्छता, जल संरक्षण और जनभागीदारी पर दिया जोर
योगी आदित्यनाथ ने लोगों से नालों पर अतिक्रमण न करने, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ उनकी देखभाल भी जनता की जिम्मेदारी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत बुनियादी ढांचा ही तेज विकास और समृद्धि का आधार बनता है.
इसे भी पढ़ें- समस्या, सुनवाई और समाधानः CM योगी ने जनता दर्शन में सुनीं लोगों की तकलीफें, गंभीर बीमारियों को लेकर दिए अहम निर्देश
गोरखपुर दौरे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भाषण विकास परियोजनाओं, स्वच्छता अभियान, विपक्ष पर राजनीतिक हमलों और सांसद रवि किशन के साथ हल्के-फुल्के संवाद के कारण चर्चा में रहा. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री और सांसद के बीच हुई इस नोकझोंक का आनंद भी लिया.


