गोरखपुर. शहर के उर्दू बाजार स्थित सराफा मंडी में बुधवार (14 अक्टूबर 2026) रात राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने छापा मारा. लखनऊ से आई टीम ने गोपी गली स्थित बुद्ध गलाई (SKR) फर्म में जांच की. टीम ने सोना-चांदी के स्टॉक और पुराने लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले. कार्रवाई की खबर फैलते ही सराफा मंडी में हलचल बढ़ गई. हालांकि, छापे में क्या मिला और कार्रवाई की असली वजह क्या है, इस बारे में एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
इसे भी पढ़ें- मैं कहीं गायब नहीं हूं… कारोबारी की मौत के आरोपों के बीच श्रद्धा दुबे ने जारी किया वीडियो
शाम छह बजे पहुंची DRI की टीम
जानकारी के मुताबिक, DRI की टीम बुधवार शाम करीब छह बजे फर्म पहुंची. इसके बाद प्रतिष्ठान में सोना-चांदी के स्टॉक और पुराने कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू हुई. टीम देर रात तक रिकॉर्ड खंगालती रही. शुरुआत में कारोबारियों के बीच आयकर, GST या कस्टम विभाग की कार्रवाई की चर्चा हुई. बाद में पता चला कि जांच DRI की टीम कर रही है.
सोना-चांदी गलाने का होता है काम
गोपी गली स्थित बुद्ध गलाई (SKR) फर्म में लंबे समय से सोना-चांदी गलाने का काम होने की जानकारी है. जांच के दौरान टीम ने स्टॉक और पुराने लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि एजेंसी किस खास मामले या लेनदेन की जांच कर रही है. कार्रवाई में किसी तरह की बरामदगी या अनियमितता की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
दो किलो सोने के कथित गबन को लेकर चर्चा
यह फर्म पहले भी करीब दो किलो सोने के कथित गबन को लेकर सराफा कारोबारियों के बीच चर्चा में रही थी. बाजार के जानकारों के मुताबिक, उस मामले में पुलिस तक शिकायत पहुंचने की जानकारी नहीं थी. कारोबारियों के बीच आपसी स्तर पर मामला सुलझने की चर्चा रही.
इसे भी पढ़ें- CM योगी का डबल ऐलान! सफाईकर्मियों को 16 हजार मानदेय, माफिया की जमीन पर गरीबों का आशियाना
तस्करी की चर्चाओं के बीच कार्रवाई
हिंदी बाजार की सराफा मंडी सोना-चांदी की खरीद-फरोख्त और कथित तस्करी को लेकर भी चर्चा में रहती है. संबंधित फर्म की गतिविधियों पर एजेंसी की नजर होने की बातें बाजार में कही जा रही थीं. फर्म की ओर से संपत्तियां खरीदे जाने को लेकर भी चर्चाएं हैं. लेकिन इन बातों और मौजूदा छापे के बीच कोई संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है. अब जांच के नतीजों और कार्रवाई में सामने आए तथ्यों को लेकर DRI की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

