रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. करोड़पति कारोबारी शिव शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में फरार आरोपी श्रद्धा दुबे को लेकर जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है. पुलिस श्रद्धा की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. इसी बीच बहराइच के रुपईडीहा स्थित भारत-नेपाल सीमा से करीब एक किलोमीटर पहले एक निजी पार्किंग में श्रद्धा दुबे के नाम पंजीकृत स्कॉर्पियो खड़ी मिली है.
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, यह वाहन 10 अक्टूबर की सुबह पार्किंग में लाया गया था. पार्किंग संचालक ने पुलिस को बताया कि वाहन में एक महिला और एक पुरुष सवार थे. दोनों वाहन खड़ा करने के बाद नेपाल की दिशा में जाते दिखाई दिए. इस आधार पर आशंका जताई जा रही है कि श्रद्धा दुबे वाहन को पार्किंग में खड़ा कर नेपाल की ओर चली गई हो l पुलिस वाहन के सीसीटीवी फुटेज और क्षेत्र में लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन में मौजूद महिला श्रद्धा दुबे ही थी या कोई अन्य व्यक्ति.
इसे भी पढ़ें : CM योगी का डबल ऐलान! सफाईकर्मियों को 16 हजार मानदेय, माफिया की जमीन पर गरीबों का आशियाना
श्रद्धा दुबे के रायबरेली स्थित घर पर जब मीडिया पहुंची, तो उनकी मां ने हाथ जोड़कर परिवार को इस मामले से अलग रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि उनका दोनों बेटियों से कोई संबंध नहीं है और न ही उनका घर पर आना-जाना है. बताया जा रहा है कि श्रद्धा की मां उनकी सौतेली मां हैं. परिवार ने मीडिया से अपील की कि जांच पूरी होने तक उन्हें सार्वजनिक रूप से इस मामले से न जोड़ा जाए. परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस को किसी जानकारी की आवश्यकता होगी तो वे कानून के अनुसार जांच में सहयोग करेंगे.
पुराने मुकदमे और प्रभावशाली संपर्कों की भी जांच
जांच के दौरान श्रद्धा दुबे से जुड़े पुराने विवाद और मुकदमों की जानकारी भी सामने आ रही है. सूत्रों के अनुसार, जनवरी 2026 में प्रयागराज जिले में छेड़खानी के एक मामले में एक विधायक ने श्रद्धा को अपनी भतीजी बताते हुए पैरवी की थी. इस मामले में श्रद्धा ने लखनऊ के हजरतगंज थाने में अपने ड्राइवर इमरान के खिलाफ छेड़खानी का आरोप लगाया था. पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था और इमरान को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि श्रद्धा के किन-किन प्रभावशाली लोगों से संपर्क थे और क्या इन संपर्कों का मौजूदा मामले से कोई संबंध है. श्रद्धा को लखनऊ के एक बड़े डांडिया उत्सव में वीवीआईपी अतिथि बनाए जाने और अगस्त में एक एनजीओ के कार्यक्रम में ‘नारी शक्ति सम्मान’ दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है.
इसे भी पढ़ें : योगी का पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना, बोले- बेटियों के बजाय राजनीतिक कुनबे को पोषित करने में जुटी थीं
मामले में एक कथित चैट भी सामने आई है, जिसमें श्रद्धा दुबे की ओर से शिव शर्मा को आपत्तिजनक और धमकी भरे लहजे में संदेश भेजे जाने का दावा किया जा रहा है. चैट में शिव शर्मा पर कथित रूप से श्रद्धा का इस्तेमाल करने और बाद में व्यवहार बदलने का आरोप लगाया गया है. संदेश में लिखा बताया जा रहा है, “शिवा, सीरियसली दिल से बद्दुआ है तुम्हारे लिए. जैसे तुमने मेरा इस्तेमाल करके अपना व्यवहार बदल दिया, वैसे ही तुम्हारे साथ भी कुछ ऐसा हो कि किसी का इस्तेमाल करने लायक न रहो.” सूत्रों के अनुसार, जांच में यह बात भी सामने आई है कि श्रद्धा दुबे कथित तौर पर अपने संपर्कों और विवादों के बाद मोबाइल नंबर बदल लेती थी. अब तक उसके चार मोबाइल नंबर बदलने की जानकारी सामने आई है . पुलिस पुराने मोबाइल नंबरों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक लेन-देन, सोशल मीडिया अकाउंट और चैट के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.
ऋषभ राय से संबंधों की भी पड़ताल
मामले में अलीगंज क्षेत्र के 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश ऋषभ राय का नाम भी सामने आ रहा है. सोशल मीडिया पर श्रद्धा दुबे और ऋषभ राय की कुछ तस्वीरें वायरल हैं. ऋषभ राय वही व्यक्ति बताया जा रहा है, जिसकी ओर से शिव शर्मा को धमकी दिए जाने की कथित ऑडियो पहले वायरल हुई थी. श्रद्धा से जुड़े कुछ लोगों का दावा है कि श्रद्धा और ऋषभ राय के बीच करीबी संबंध थे. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वायरल तस्वीरें कब की हैं, दोनों के बीच किस प्रकार का संपर्क था और क्या ऋषभ राय का शिव शर्मा से जुड़े विवाद में कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध है.
इसे भी पढे़ं : मां को छोड़ने का दबाव मानसिक क्रूरता, पति को तलाक का हक: इलाहाबाद हाईकोर्ट
स्कॉर्पियो के नेपाल सीमा के पास मिलने के बाद पुलिस ने सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है. पुलिस स्थानीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर श्रद्धा दुबे की संभावित आवाजाही का पता लगा रही है. सीमा से जुड़े रास्तों, सीसीटीवी कैमरों, मोबाइल लोकेशन और वाहन की गतिविधियों की जांच की जा रही है. लखनऊ पुलिस ने श्रद्धा दुबे पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. पुलिस की ओर से आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि श्रद्धा के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें. किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि के बिना उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित न करने की सलाह भी दी गई है.
गिरफ्तारी के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
शिव शर्मा की मौत के मामले में पुलिस अब तक वाहन, कथित चैट, वायरल ऑडियो, सोशल मीडिया तस्वीरों और आरोपियों के संपर्कों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिव शर्मा और श्रद्धा के बीच वास्तविक संबंध क्या थे, कथित धमकी में किसकी भूमिका थी और मौत के पीछे कोई सुनियोजित साजिश l श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर कहा “मेरा नाम नेताओं और अधिकारियों से न जोड़ें” श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर मीडिया से अपील की है कि उनका नाम नेताओं या अधिकारियों के साथ न जोड़ा जाए और उनके बारे में अफवाहें न फैलाई जाएँ. वीडियो में उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी का उन्हें फ़ॉलो करना या जुड़ा होना, निजी संबंध का सबूत नहीं है. उन्होंने कहा कि वह पुलिस को अपना बयान देना चाहती हैं.

