गोरखपुर. सीएम सीटी गोरखपुर में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. यहां पुरानी रंजिश के चलते दो सगे भाइयों ने बिजली विभाग के ठेकेदार की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपियों ने पहले गांव में चल रहे तेरहवीं भोज के दौरान पीछे से बांके से हमला किया और बाद में इलाज के लिए ले जाते समय ऑटो रोककर तलवार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया. इस सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे पर केशव मौर्य का तंज, बोले- अखिलेश का साथ भी नहीं बचा पाया ‘फ्लॉप शो’

तेरहवीं भोज में खाना खाते समय पीछे से किया हमला

मामला सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव का है. गांव निवासी शिवकुमार त्रिपाठी बिजली विभाग में ठेकेदार थे. शनिवार शाम करीब 6 बजे वह गांव में छेदी चौधरी के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. ग्रामीणों के मुताबिक शिवकुमार नीचे बैठकर खाना खा रहे थे, तभी गांव के ही राहुल चौधरी ने पीछे से आकर उन पर बांके से हमला कर दिया.

अचानक हुए हमले में शिवकुमार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने घायल ठेकेदार को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए ऑटो से रवाना किया.

अस्पताल जाते समय फिर घेरा, 200 मीटर दूर ले जाकर हत्या

बताया जा रहा है कि जब ग्रामीण घायल शिवकुमार को अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में राहुल चौधरी अपने भाई रोहित के साथ पहुंच गया. दोनों ने हथियारों के बल पर ऑटो रुकवाया और शिवकुमार को बाहर खींच लिया. आरोप है कि हमलावर शिवकुमार को करीब 200 मीटर दूर तक ले गए और वहां तलवार से हमला कर उनकी हत्या कर दी. ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए.

2024 की हत्या का बदला लेने का आरोप

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है. ग्रामीणों के अनुसार साल 2024 में राहुल चौधरी के चचेरे भाई आदेश चौधरी की हत्या हुई थी. इस मामले में शिवकुमार त्रिपाठी के परिवार के कुछ लोगों को आरोपी बनाया गया था. पुलिस को शक है कि इसी हत्या का बदला लेने के लिए राहुल और रोहित ने शिवकुमार को निशाना बनाया. हालांकि, शिवकुमार के परिवार ने इस पुरानी रंजिश को लेकर अभी कोई खुलकर बयान नहीं दिया है.

इसे भी पढ़ें- UP में फिर बरसेगा मानसूनः 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 4 इंच तक पानी गिरने की चेतावनी

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही सिकरीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है. सिकरीगंज थानाध्यक्ष अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी. पुलिस टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है. सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगीय.

फिलहाल इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद अहिरौली गांव में तनाव का माहौल है. पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं.