गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गोला क्षेत्र में एक निजी स्कूल के प्रबंधक और छात्रा के बीच हुई कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल क्लिप में एक तरफ की आवाज स्कूल प्रबंधक और दूसरी आवाज छात्रा की बताई जा रही है. आरोप है कि छात्रा के भविष्य और पढ़ाई का हवाला देकर उस पर आपत्तिजनक तरीके से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला गया.

इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश का कहर! 19 जिले बाढ़ की चपेट में, नेपाल से बहकर आ रहे शव

हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस भी इसकी जांच कर रही है. गोला थाने में अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत या तहरीर नहीं दी गई है.

पढ़ाई और भविष्य बनाने की बातचीत से शुरू हुई चर्चा

वायरल ऑडियो में कथित तौर पर बातचीत करने वाला व्यक्ति गोला के पश्चिमी क्षेत्र स्थित एक निजी विद्यालय का प्रबंधक बताया जा रहा है. दूसरी तरफ की आवाज उसी स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा की होने का दावा किया जा रहा है. बातचीत में छात्रा की पढ़ाई और भविष्य को लेकर चर्चा सुनाई देती है. कथित तौर पर प्रबंधक छात्रा को गोरखपुर में रखकर पढ़ाने और उसके परिजनों से बात करने की बात करता है. इसके बाद बातचीत के स्वर को लेकर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं.

शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप

वायरल क्लिप को लेकर दावा किया जा रहा है कि छात्रा पर पढ़ाई और भविष्य के बदले आपत्तिजनक शर्त स्वीकार करने का दबाव बनाया गया. कथित बातचीत में अन्य लड़कियों का उदाहरण देकर छात्रा को प्रभावित करने की कोशिश करने की बात भी कही जा रही है. छात्रा की आवाज बताई जा रही दूसरी तरफ से पढ़ाई जारी रखने और भविष्य बनाने की इच्छा जताई गई है, लेकिन कथित शर्त को स्वीकार करने से इनकार करने की बात भी सामने आ रही है.

छात्रा ने कथित शर्त मानने से किया इनकार

ऑडियो के एक हिस्से में कथित तौर पर छात्रा को साथ सोने के लिए दबाव बनाने की बात सुनाई देने का दावा किया जा रहा है. बातचीत के दौरान छात्रा कथित तौर पर यह सवाल करती सुनाई देती है कि क्या पढ़ाई के लिए ऐसी शर्तें स्वीकार करनी पड़ती हैं. ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है.

इसे भी पढ़ें- वायरल VIDEO पर नया बवाल! गार्डों से गाली-गलौज करने वाली महिला के खिलाफ FIR, अखिलेश यादव पर अभद्र टिप्पणी का आरोप

पुलिस बोली- अभी तक नहीं मिली कोई तहरीर

मामले में गोला थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है. वायरल ऑडियो के संबंध में जानकारी लेकर जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि वायरल ऑडियो की सत्यता और उसमें मौजूद आवाजों की पहचान की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल वायरल क्लिप और लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस को औपचारिक शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.