ग्रेटर नोएडा. ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली सेंचुरियन पार्क सोसायटी में सुरक्षा गार्डों से बहस के दौरान सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने वाली महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी की शिकायत पर बिसरख थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पहले से विवादों में घिरे इस मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है. सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वायरल वीडियो में अखिलेश यादव के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी पर आपत्ति जताई है.

इसे भी पढ़ें- ‘बयानबाजी से बिगड़ रहा माहौल, सबूत मांगो तो चुप्पी क्यों?’ कांग्रेस अध्यक्ष का सीएम योगी पर सीधा हमला

25 अगस्त की रात हुआ था सोसायटी में विवाद

पार्टी जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी के अनुसार, 25 अगस्त की रात सोसायटी के मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों और महिला के बीच तीखी बहस हुई थी. आरोप है कि इसी दौरान महिला ने गार्डों के साथ गाली-गलौज की और अखिलेश यादव को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी भी की. विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई. इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की.

डिलीवरी बॉय को रोकने से शुरू हुआ था पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, महिला ने ऑनलाइन कुछ सामान मंगाया था. डिलीवरी बॉय सामान लेकर सोसायटी पहुंचा तो सुरक्षा गार्डों ने सोसायटी के नियमों के तहत उसकी पहचान की जांच के लिए उसे रोक लिया. बताया जा रहा है कि इस बात से महिला नाराज हो गई और मौके पर पहुंचकर सुरक्षा कर्मियों से बहस करने लगी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

गार्डों ने लगाए जातिसूचक शब्द और मारपीट के आरोप

सुरक्षा गार्डों का आरोप है कि महिला ने विवाद के दौरान उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया. गार्डों ने महिला पर एक सुरक्षा कर्मी को थप्पड़ मारने और कुर्सी पर बैठे दूसरे गार्ड को लात मारने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है. हालांकि, इन आरोपों और वायरल वीडियो में सामने आए घटनाक्रम की पूरी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश का कहर! 19 जिले बाढ़ की चपेट में, नेपाल से बहकर आ रहे शव

वायरल वीडियो के बाद पुलिस जांच में जुटी

अब समाजवादी पार्टी की ओर से अखिलेश यादव पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है. बिसरख पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस वायरल वीडियो, शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.