लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून का असर लगातार बना हुआ है और बारिश ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. शुक्रवार (28 अगस्त 2026) को प्रदेश के 49 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. लखनऊ में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे से तेज बारिश हुई, जबकि मुरादाबाद में भी सुबह से बारिश का सिलसिला जारी रहा. आगरा में बादल छाए रहे.
इसे भी पढ़ें- ‘ठाकुर जी, मेरी रक्षा करना…’ बांके बिहारी को डाक से पहुंचीं 20 हजार राखियां, एक मासूम की पाती ने जीता दिल
महोबा में रिकॉर्ड बारिश, 19 जिले बाढ़ की चपेट में
गुरुवार को मुरादाबाद, सीतापुर समेत प्रदेश के 61 जिलों में बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा 131.6 मिमी बारिश महोबा में रिकॉर्ड हुई. लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण प्रदेश के 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं. बदायूं में गंगा और रामगंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. नदी के तेज कटान से एक और मकान गंगा में समा गया है. अब तक 25 मकान कटान की भेंट चढ़ चुके हैं.
झांसी में युवक बहा, महोबा में पानी में बही कार
झांसी में सुकवा-ढुकवा बांध ओवरफ्लो हो गया. यहां नहा रहा ललितपुर निवासी एक युवक तेज बहाव में बह गया. महोबा में काली पहाड़ी गांव के पास इंजीनियर अंकित त्रिपाठी की कार पानी के तेज बहाव में बह गई. अंकित ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़ पड़े और रस्सी की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला. महोबा में करीब छह घंटे की बारिश से 200 से अधिक दुकानों में पानी घुस गया. बांदा में कई सड़कें तालाब जैसी नजर आईं, जबकि कुछ घरों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया.
नेपाल की तबाही का असर यूपी तक, गंडक से मिले 6 शव
नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में बुधवार सुबह आई अचानक बाढ़ के बाद हालात गंभीर बने हुए हैं. नेपाल से बहकर शव और मलबा उत्तर प्रदेश की नदियों तक पहुंच रहा है. गुरुवार को महराजगंज और कुशीनगर में प्रशासन ने गंडक यानी नारायणी नदी से तीन-तीन शव बरामद किए. इनमें दो महिलाएं शामिल हैं. सभी शवों की पहचान नहीं हो सकी है.
महराजगंज में एसएसबी की टीम लगातार नदी पर निगरानी रख रही है. अधिकारियों के मुताबिक, नदी में नेपाल की ओर से और शव बहकर आने की आशंका है. कुशीनगर में भी भारी मात्रा में मलबा और लकड़ियां नदी में आई हैं. स्थानीय लोगों ने कई शव बहते देखे जाने का दावा किया है.
इसे भी पढ़ें- अब नहीं काटने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर: यूपी में 50 KW तक का बिजली कनेक्शन पाना हुआ बेहद आसान
अगले 2-3 दिन जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के पास बने कम दबाव के क्षेत्र और उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय मानसूनी हवाओं के कारण अगले 24 घंटे में कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. लखनऊ के मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. ऐसे में बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है.


