गोरखपुर. गोरखपुर के बांसगांव में अंशुमान सिंह प्रकरण को लेकर क्षत्रिय समाज की बैठक हुई, जिसमें करीब दो हजार लोग शामिल हुए. बैठक में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मंत्री संजय निषाद के कथित ‘हाथ काटने’ और ‘गोली मारने’ वाले बयानों पर नाराजगी जताई गई. समाज के लोगों ने अंशुमान सिंह के खिलाफ दर्ज मुकदमे और पुलिस कार्रवाई को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की है.

इसे भी पढ़ें- ब्रजेश पाठक जी ये इंसान है या जानवर! लावारिस मरीज को जमीन पर घसीटने का VIDEO वायरल, सुशासन’राज’ में ऐसे ही होगा इलाज

अंशुमान सिंह पर कार्रवाई से नाराजगी

नगर पंचायत बांसगांव स्थित ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर परिसर में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि अंशुमान सिंह पर हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, जबकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. लोगों ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कराए गए हैं. मांगें नहीं माने जाने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई.

संजय निषाद के बयानों पर जताया रोष

बैठक में संजय निषाद और सपा नेता राम नगीना साहनी की ओर से क्षत्रिय समाज को लेकर दिए गए कथित बयानों पर भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई. वक्ताओं ने कहा कि समाज के सम्मान और न्याय के मुद्दे पर समझौता नहीं किया जाएगा. संजय निषाद के एक कथित बयान में ‘गोली मारने’ की बात कहे जाने का भी जिक्र किया गया.

थप्पड़ कांड के बाद बढ़ा विवाद

गोरखपुर प्रेस क्लब में हुए थप्पड़ कांड के बाद यह विवाद लगातार तूल पकड़ रहा है. सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों की ओर से बयानबाजी के बीच मामला जातीय तनाव की ओर बढ़ता नजर आ रहा है. राम नगीना साहनी की तहरीर पर अंशुमान सिंह और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी. पुलिस मामले में अब तक एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर चुकी है.

इसे भी पढ़ें- ‘भतीजे’ पर एक बार फिर भरोसा! पार्टी में वापस लेने पर आकाश आनंद ने ‘बुआ’ का जताया आभार, मायावती से किया बड़ा वादा

मंगलवार को सौंपा जाएगा मांगपत्र

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंगलवार को मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र एसडीएम को सौंपा जाएगा. समाज के लोगों ने अंशुमान सिंह पर दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच, कथित आपत्तिजनक बयानों पर कार्रवाई और दूसरे पक्ष के खिलाफ भी शिकायत दर्ज करने की मांग रखी. अंशुमान सिंह ने सोशल मीडिया वीडियो जारी कर समर्थकों का आभार जताया.