गोरखपुर. स्वतंत्रता दिवस से पहले सोमवार को गोरखपुर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. इस यात्रा के जरिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही लोगों से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की जाएगी.

इसे भी पढ़ें- खाकी से बचना मुश्किल है‍! 27 किलो चांदी लूट में बड़ा खुलासा, लगभग 7 किलो चांदी बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश में कानून के रखवाले

रानी लक्ष्मीबाई को नमन के बाद शुरू होगी यात्रा

तिरंगा यात्रा की शुरुआत किसी चौराहे से नहीं बल्कि वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद होगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नगर निगम परिसर पहुंचकर रानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धांजलि देंगे. इसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व करेंगे. यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में युवा, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल होंगे. भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से शहर का माहौल देशभक्ति से गूंजता नजर आएगा.

टाउनहॉल से रेलवे स्टेशन तक दिखेगा तिरंगे का उत्साह

मुख्यमंत्री की अगुवाई में निकलने वाली यह यात्रा टाउनहॉल से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी. यात्रा का रूट टाउनहॉल, गोलघर चौराहा, गणेश चौराहा, कालीमंदिर और यातायात तिराहा होते हुए रेलवे स्टेशन चौक तक रहेगा. पूरे मार्ग को तिरंगे और देशभक्ति के रंगों से सजाया गया है. यात्रा के दौरान लोगों के हाथों में तिरंगा दिखाई देगा और देशभक्ति के गीतों के बीच राष्ट्र गौरव का संदेश दिया जाएगा.

महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि के साथ होगा समापन

तिरंगा यात्रा का समापन रेलवे स्टेशन चौक पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के साथ होगा. यात्रा की शुरुआत जहां रानी लक्ष्मीबाई को नमन करके होगी, वहीं इसका अंत वीर योद्धा महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि देकर किया जाएगा. कार्यक्रम के जरिए स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद करने और नई पीढ़ी को उनके बलिदान से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा.

इसे भी पढ़ें- ब्याज के साथ होगा गद्दारी का हिसाब…मंत्री मनोज पांडेय पर सपा नेता का तीखा हमला, स्वार्थी और अवसरवादी बताते हुए दिया बड़ा बयान

प्रदेश में 5 करोड़ घरों तक तिरंगा पहुंचाने का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश में इस बार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को बड़े स्तर पर चलाने की तैयारी है. प्रदेश सरकार ने करीब 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दे रहे हैं. गोरखपुर की तिरंगा यात्रा इसी अभियान का हिस्सा है, जिसके माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का संदेश दिया जाएगा. इस यात्रा में सांसद रवि किशन, मंत्री संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत प्रशासक साधना सिंह समेत कई विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे.