वाराणसी. 27 किलो से ज्यादा चांदी की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. रविवार को चौक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झारखंड के लातेहार निवासी 24 वर्षीय प्रशांत जेवियर तिर्की को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी का संबंध कथित ईरानी गैंग से है. उसके पास से लूटी गई 7 चांदी की बटिया बरामद हुई हैं, जिनका वजन करीब 6 किलो 950 ग्राम है.
इसे भी पढ़ें- बाबा’राज’ में ब्राह्मणों पर ‘बेलगाम’ जुल्म! सपा ने ठाकुरों पर ब्राम्हणों के ऊपर जानलेवा हमला कराने का लगाया आरोप, CM योगी को घेरा
बता दें कि लूट 17 जुलाई को उस समय हुई थी, जब हेमा ज्वेलर्स, सुड़िया का कर्मचारी 27 किलो 327 ग्राम चांदी की 26 बटिया लेकर महालक्ष्मी ज्वेलर्स, रेशम कटरा जा रहा था. गोविंदपुरा मोड़ के पास बदमाशों ने कर्मचारी को घेर लिया और चांदी लूटकर फरार हो गए थे. घटना के बाद दर्ज एफआईआर के आधार पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कई स्तर पर जांच शुरू की थी. चौक पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. जांच के दौरान पुलिस को प्रशान्त के बारे में अहम सुराग मिले. इसके बाद उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई.
इसे भी पढ़ें- पहले से भ्रष्टाचार और काम में…नगीना सांसद ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे को लेकर सरकार को घेरा, उठाए गंभीर सवाल
पुलिस के मुताबिक, सूचना पुख्ता होने के बाद टीम ने 9 अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे इंग्लिशिया लाइन के मालगोदाम क्षेत्र में घेराबंदी कर प्रशान्त को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से चांदी की सात बटिया बरामद हुईं. पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती लूटी गई बाकी चांदी की बरामदगी और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचना है. 26 बटियों में से सात बटिया बरामद हुई हैं. ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाकी चांदी कहां गई और लूट की साजिश में कितने लोग शामिल थे.


