IPL 2026: आईपीएल 2026 में अब तक 24 मैच हो चुके हैं. 19वें सीजन का 25वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच कुछ ही देर में शुरू होने वाला है. इस मैच से ठीक पहले शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम गुजरात टाइटंस (GT) के लिए बुरी खबर है. टीम का एक स्टार खिलाड़ी चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गया है. इंग्लैंड के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम बैंटन उंगली की चोट के चलते अब इस सीजन में नजर नहीं आएंगे. वह इस सीजन एक भी मैच नहीं खेल सके. गुजरात ने इस झटके से उबरते हुए तुरंत एक ऐसे युवा ‘सेंसेशन’ को टीम में शामिल किया है, जो तगड़े फॉर्म में है.
2 करोड़ का खिलाड़ी बाहर, 75 लाख वाले ‘मैच विनर’ की एंट्री
गुजरात टाइटंस ने टॉम बैंटन को नीलामी में उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में खरीदा था. उम्मीद थी कि बैंटन मिडिल ऑर्डर की कमजोर कड़ी को मजबूत करेंगे, लेकिन उनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया. अब फ्रेंचाइजी ने उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर साउथ अफ्रीका के 24 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन (Connor Esterhuizen) को स्क्वाड में शामिल किया है. एस्टरहुइजन अपने बेस प्राइस 75 लाख रुपये पर टीम के साथ जुड़ेंगे और यह उनका पहला आईपीएल सीजन होगा.
कौन हैं कॉनर एस्टरहुइजन?
कॉनर एस्टरहुइजन क्रिकेट फैंस के लिए नया नाम हैं. उन्हें आईपीएल में पहली बार मौका मिला है. भले ही आईपीएल के लिए नए हों, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने हाल ही में तहलका मचाया है. एस्टरहुइजन ने पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में साउथ अफ्रीका के लिए डेब्यू किया था और अपनी बल्लेबाजी से कीवी गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए थे.
न्यूजीलैंड के खिलाफ दाएं हाथ के इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने चौथे और पांचवें मुकाबले में लगातार दो अर्धशतक जड़े थे. उनके इस शानदार प्रदर्शन के चलते ही साउथ अफ्रीका ने 2-1 से पिछड़ने के बाद सीरीज 3-2 से अपने नाम की थी. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें दो बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया. अब ये तूफानी ओपनर गुजरात के लिए तबाही मचाएगा.
KKR के खिलाफ मुकाबले में मिलेगा मौका?
आईपीएल 2026 में जीटी ने अब तक बढ़िया प्रदर्शन नहीं किया है. वह पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है. अब तक खेले गए 4 मैचों में 2 जीत और 2 हार के साथ टीम संघर्ष कर रही है. 17 अप्रैल यानी आज यह टीम अपना 5वां मैच केकेआर के खिलाफ खेलने उतर रही है. देखना होगा कि क्या इस मैच में कॉनर एस्टरहुइजन को मौका मिलता है या उन्हें कुछ और मैचों का इंतजार करना पड़ेगा.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

