GT vs PBKS IPL 2026: आईपीएल में आज डबल हेडर खेला जा रहा है। दिन के दूसरे और सीजन के 46वें मुकाबले में आज गुजरात टाइटंस (GT) और पंजाब किंग्स (PBKS) की टीम आमने-सामने होगी। मौजूदा सीजन में दोनों ही टीमों का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। एक तरफ पॉइंट्स टेबल के टॉप पर मौजूद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली PBKS की नजरें सीजन का 7वां मैच जीतकर प्लेऑफ की ओर एक और कदम बढ़ाने पर होगी। वहीं पॉइंट्स टेबल में 5वें पायदान पर मौजूद शुभमन गिल की GT पिछले मुकाबले में PBKS से मिली हार का हिसाब चुकता कर टॉप-4 में अपनी जगह बनाना चाहेगी।

बता दें कि पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले 7 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

GT बनाम PBKS हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

GT बनाम PBKS के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो दोनों टीमों के बीच अब तक कड़ी टक्कर देखने को मिली है। आईपीएल इतिहास में गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें पंजाब किंग्स ने 4 मैच जीतकर हल्की बढ़त बनाई हुई है, जबकि गुजरात टाइटंस को 3 मुकाबलों में जीत मिली है।

अगर हालिया फॉर्म की बात करें तो पिछले 5 मुकाबलों में भी पंजाब किंग्स का पलड़ा 3-2 से भारी रहा है। वहीं, इस सीजन 31 मार्च को हुए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने रोमांचक मैच में गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हराया था, जिससे उनका मनोबल और मजबूत हुआ है।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला पिच नंबर 5 पर खेला जाएगा, जो काली मिट्टी की सतह है। इस तरह की पिच आमतौर पर बल्लेबाज और गेंदबाज के बीच संतुलित मुकाबला प्रदान करती है। इसी पिच पर खेले गए पिछले मैच में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस आमने-सामने थे, जहां तिलक वर्मा के शानदार 101 रन की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 199 रन बनाए थे और बाद में गुजरात को 100 रन पर समेट दिया था। ऐसे में यहां 180-190 का लक्ष्य भी चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। पिच समय के साथ धीमी होती जाती है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है।

अगर इस मैदान के IPL रिकॉर्ड की बात करें तो यहां अब तक 48 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली और लक्ष्य का पीछा करने वाली दोनों ही टीमों ने 24-24 मैच जीते हैं, यानी जीत का प्रतिशत 50-50 रहा है। टॉस जीतकर मैच जीतने का प्रतिशत 45.83 है, जबकि टॉस हारकर जीतने वाली टीमों का प्रतिशत 54.17 रहा है। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 243/5 और सबसे कम स्कोर 89 रन दर्ज किया गया है, जबकि चेज में सर्वोच्च स्कोर 204/3 है। यहां प्रति विकेट औसतन 28.17 रन और प्रति ओवर 8.99 रन बनते हैं, वहीं पहले बल्लेबाजी करते हुए औसत स्कोर 177.96 रन रहा है।

GT और PBKS की संभावित प्लेइंग 11

गुजरात टाइटंस (GT)

शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर, अरशद खान, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज

इम्पैक्ट प्लेयर: मानव सुथार

पंजाब किंग्स (PBKS)

श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कॉनॉली, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यान्सन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह

इम्पैक्ट प्लेयर: युजवेंद्र चहल

कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार Star Sports नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H