GT vs SRH IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 56वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमें आमने-सामने हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में SRH के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। दोनों ही टीमों ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
बता दें कि गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। मैच से पहले आइए पिच रिपोर्ट, दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

आईपीएल के मौजूदा सीजन में दोनों टीमों का प्रदर्शन एक समान रहा है। दोनों टीमें अब तक 11-11 मैच खेल चुकी हैं। इनमें से 7 मुकाबलों में जीत और 4 में हार के बाद दोनों टीमों के पास 14-14 अंक हैं। हालाँकि, बेहतर नेट रनरेट की वजह से पॉइंट्स टेबल पर SRH दूसरे और GT तीसरे पायदान पर हैं। पहले पायदान पर मौजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास भी 14 ही अंक हैं। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम 16 अंकों के साथ सीधे पॉइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंच जाएगी। ऐसे में आज दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला होने की पूरी उम्मीद है।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच हमेशा से संतुलित मानी जाती है। आईपीएल इतिहास में इस मैदान पर अब तक 49 मुकाबले खेले जा चुके हैं और आज यहां लीग का 50वां मैच खेला जाएगा। खास बात यह है कि इस मैदान पर किसी भी टीम को स्पष्ट फायदा मिलता नजर नहीं आता। यहां बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए बराबर अवसर रहते हैं। रन चेज करना भी आसान दिखता है, वहीं बड़े स्कोर को डिफेंड करना भी संभव रहता है। स्टेडियम का मैदान बड़ा होने की वजह से यहां चौकों की संख्या ज्यादा देखने को मिलती है, जबकि छक्के अपेक्षाकृत कम लगते हैं। साथ ही विकेट भी लगातार गिरते रहते हैं, जिससे मुकाबला अंत तक रोमांचक बना रहता है।
अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो 49 मैचों में से 24 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 25 मैच रन चेज करने वाली टीम के नाम रहे हैं। इससे साफ पता चलता है कि यह मैदान पूरी तरह संतुलित क्रिकेट के लिए जाना जाता है। यहां टॉस का असर भी ज्यादा देखने को नहीं मिलता। टॉस जीतने वाली टीमों ने 23 मैच जीते हैं, जबकि टॉस हारने वाली टीमों ने 26 मुकाबले अपने नाम किए हैं।

आईपीएल में इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 178 रन रहा है, लेकिन कई बार यह स्कोर भी चेज करना मुश्किल साबित हुआ है। मौजूदा सीजन में भी ऐसा देखने को मिला है। अगर कोई टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 से ज्यादा रन बना लेती है तो बड़े मैदान की वजह से उस लक्ष्य का पीछा करना काफी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
इस सीजन गुजरात टाइटंस 211 और 200 रन के बड़े लक्ष्य यहां हासिल नहीं कर पाई। यहां तक कि 181 रन के लक्ष्य का पीछा करने में टीम को 19.4 ओवर तक बल्लेबाजी करनी पड़ी थी, जबकि पंजाब के खिलाफ 167 रन का लक्ष्य भी आखिरी ओवर में जाकर पूरा हुआ था।
गेंदबाजों की बात करें तो यहां औसत इकॉनमी रेट लगभग 8.98 का रहा है, जबकि औसतन हर 28 रन पर एक विकेट गिरता है। यही वजह है कि अहमदाबाद की यह पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए बराबर चुनौती पेश करती है।
GT और SRH हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच हेड-टू-हेड में GT का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मैच खेले गए हैं। इस दौरान GT ने 5 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि SRH सिर्फ 1 ही मैच जीत सकी है। इस सीजन में दोनों टीमों के बीच यह पहली भिड़ंत होगी।
GT और SRH की प्लेइंग 11

गुजरात टाइटंस (GT)
शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज
इम्पैक्ट प्लेयर: प्रसिद्ध कृष्णा, साई किशोर, अनुज रावत, कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, आर स्मरण, सलिल अरोड़ा, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, हर्ष दुबे, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन
इम्पैक्ट प्लेयर: ट्रैविस हेड, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, हर्षल पटेल, हर्ष दुबे
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

