गुरुग्राम। सेक्टर 82 स्थित सिकंदरपुर बढ़ा गांव में मंगलवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक प्रसिद्ध सामान डिलीवरी कंपनी के मुख्य गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार देखा गया।

कर्मचारियों में मची चीख-पुकार

वहां मौजूद लोगों के अनुसार आग लगते ही गोदाम के अंदर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जब गोदाम में आग लगी तब वहां कई कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात थे। अचानक धुआं और लपटें उठती देख गोदाम के अंदर काम कर रहे कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई। चारों तरफ डर का माहौल बन गया।

टल गया एक बहुत बड़ा हादसा

राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। सभी कर्मचारियों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत बाहर की तरफ दौड़ लगाई और भागकर अपनी जान बचाई। समय रहते सभी के बाहर निकल जाने के कारण एक बहुत बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी के भी हताहत या घायल होने की खबर नहीं है।