गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सड़क पर भटक रहे एक गुमशुदा बुजुर्ग की पहचान कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया। जांच के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बुजुर्ग को थाना पटौदी के जांच अधिकारी के सुपुर्द किया गया।

सुशीला देवी, गुरुग्राम। यातायात पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि उसकी जिम्मेदारी केवल यातायात व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों की सहायता करना भी उसकी प्राथमिकता है। बुधवार को ड्यूटी के दौरान यातायात निरीक्षक महाबीर की सतर्कता और संवेदनशीलता से एक गुमशुदा बुजुर्ग सुरक्षित अपने परिजनों तक पहुंच सके।

संदिग्ध अवस्था में सड़क पर मिले बुजुर्ग

जानकारी के अनुसार, निरीक्षक महाबीर ने ड्यूटी के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में सड़क पर अकेले घूमते देखा। पूछताछ करने पर बुजुर्ग अपनी सही जानकारी नहीं दे पाए। इस पर शक होने पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि बुजुर्ग की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही संबंधित थाने में दर्ज है।

परिजनों से कराया संपर्क, आईओ के सुपुर्द किया

इसके बाद यातायात पुलिस ने बिना समय गंवाए संबंधित थाना पटौदी और बुजुर्ग के परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। अपने परिजन को सुरक्षित देखकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुजुर्ग को थाना पटौदी के जांच अधिकारी (आईओ) के सुपुर्द कर दिया गया।

आमजन की सहायता के लिए हमेशा तत्पर: ट्रैफिक पुलिस

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि वह यातायात व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा, सहायता और मानवीय सेवा के लिए भी हमेशा तत्पर है तथा भविष्य में भी इसी संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाती रहेगी।