कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के सरकारी बंगले से महज 200 से 300 मीटर की दूरी पर LNIPE के ठीक सामने रेलवे ओवरब्रिज पर एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्य कर दी। बदमाशों ने युवक के सीने में गोली मारने के बाद जमीन पर गिरते ही उसके सिर में पिस्टल सटाकर फायर किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: सागर में पुलिस मुठभेड़: जहरीली शराब कांड के आरोपी का एनकाउंटर, 30 हजार रुपये का था इनामी, साथी भी गिरफ्तार
दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था युवक
मृतक की पहचान 27 वर्षीय छोटू राजावत जो नवीन पार्क के पीछे, कांच मील, हजीरा का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार छोटू अपने साथी नीतेश परमार के साथ स्प्लेंडर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान LNIPE के सामने रेलवे ओवरब्रिज पर एक्टिवा से आए दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से घबराकर साथी नीतेश ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
दागी गोली, मौके पर ही तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार बदमाशों ने बेहद दुस्साहसिक तरीके से हत्या को अंजाम दिया। पहले छोटू के सीने में गोली मारी गई, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने जरा भी देर न करते हुए उसके सिर में पिस्टल सटाकर दूसरी गोली मार दी। अत्यधिक खून बह जाने से छोटू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें: चाकू अड़ाकर कॉलेज छात्र का अपहरण: गवाही देने से रोकने के लिए पहाड़ी पर ले जाकर पीटा, जान से मारने की दी धमकी
कई थानों की पुलिस मौके पर, पुरानी रंजिश की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही शहर के कई थानों का पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर वहां से कारतूस के खाली खोखे बरामद किए हैं। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। एसपी के निर्देश पर शहरभर में नाकेबंदी कर दी गई है और पुलिस की कई टीमें एक्टिव कर दी गई हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान और धरपकड़ में जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



