हमीरपुर. उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक ऐसा गांव है, जहां दशहरे पर रावण का पुतला नहीं जलाया जाता. मुस्करा क्षेत्र के बिहुनी कलां गांव में विजयदशमी के दिन रावण की विशाल प्रतिमा का श्रृंगार किया जाता है. ग्रामीण उसकी पूजा करते हैं और नारियल चढ़ाते हैं.
गांव के लोगों का मानना है कि रावण महान विद्वान थे. ऐसे में उनका दहन करना उचित नहीं है. दशहरे के दिन गांव में प्रतिमा को सजाने की तैयारी शुरू हो जाती है. इस परंपरा के कारण बिहुनी कलां की पहचान आसपास के इलाकों में अलग है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में नवमी पर मंदिरों में उमड़ी भीड़, CM योगी ने 9 कन्याओं के पैर धोकर लिया आशीर्वाद
नौ सिर और दस भुजाओं वाली प्रतिमा
गांव के बीच रामलीला मैदान के सामने रावण की करीब 10 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित है. प्रतिमा बैठने की मुद्रा में है. इसके सिर पर मुकुट बना है, जिस पर घोड़े की आकृति दिखाई देती है. ग्रामीणों के मुताबिक, प्रतिमा सीमेंट और चूने से बनाई गई है. गांव के ओमकार महाराज और बृजलाल राजपूत बताते हैं कि प्रतिमा कब और किसने बनवाई, इसकी पक्की जानकारी नहीं है. बुजुर्गों के अनुमान के अनुसार, यह करीब एक हजार साल पुरानी हो सकती है.
लक्ष्मण से जुड़ी मान्यता के कारण नहीं होता दहन
ग्रामीणों के अनुसार, रावण वेद-वेदांत के ज्ञाता और महान विद्वान थे. मान्यता है कि रावण के अंतिम समय में राम जी के भाई लक्ष्मण ने उनसे ज्ञान प्राप्त किया था. गांव के लोग इसी प्रसंग का हवाला देते हुए कहते हैं कि जिस विद्वान से लक्ष्मण ने ज्ञान लिया, उसका पुतला जलाना उचित नहीं है. ग्राम पंचायत प्रतिमा की देखरेख करती है. विजयदशमी पर यहां पूजा होती है, लेकिन रावण दहन नहीं किया जाता. प्रतिमा के आसपास के मोहल्ले को रावण पट्टी के नाम से जाना जाता है.
इसे भी पढ़ें- ‘कन्नौज में खाली कुर्सियों ने बता दी अखिलेश की हैसियत’, ओम प्रकाश राजभर का सपा प्रमुख पर करारा तंज
जनवरी में लगता है विशाल मेला
गांव में रावण की प्रतिमा के सामने मंदिर और रामलीला मैदान है. हर साल जनवरी में यहां विशाल मेले का आयोजन होता है. इसमें दूर-दराज के लोग शामिल होते हैं और व्यापारी दुकानें लगाते हैं. मेले के दौरान करीब एक सप्ताह तक रामलीला का मंचन होता है. इसमें रावण वध का दृश्य भी दिखाया जाता है, लेकिन प्रतिमा को नहीं जलाया जाता. इस तरह गांव के लोग विजयदशमी मनाते हुए अपनी पुरानी परंपरा को कायम रखे हुए हैं.

