गोरखपुर. शारदीय नवरात्रि की नवमी पर सोमवार (19 अक्टूबर) को उत्तर प्रदेश के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन किया. उन्होंने नौ कन्याओं के पैर धोए, तिलक लगाया और चुनरी ओढ़ाई. इसके बाद उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया.
कन्या पूजन से पहले मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की. इसके बाद गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार कन्या पूजन का अनुष्ठान शुरू हुआ.
इसे भी पढ़ें- बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों में मारपीट, वीडियो वायरल; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कन्याओं और बटुक भैरव को भोजन परोसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्याओं के साथ बटुक भैरव के भी पैर पखारे. दुर्गा सप्तशती के मंत्रोच्चार के बीच उनके माथे पर रोली, चंदन, दही, अक्षत और दूब से तिलक लगाया गया. इसके बाद माला पहनाकर उपहार और दक्षिणा दी गई. योगी ने अपने हाथों से कन्याओं और बटुक भैरव को भोजन भी परोसा. इस दौरान उन्होंने कन्याओं से बातचीत की और उनका आशीर्वाद लिया.
विंध्यवासिनी धाम में 5 लाख से अधिक श्रद्धालु
मिर्जापुर के मां विंध्यवासिनी धाम में भी नवमी पर बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यहां अब तक पांच लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन-पूजन कर चुके हैं. मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही बनी हुई है. नवरात्रि के अंतिम दिन मां के दर्शन के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. मंदिरों में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी है.
इसे भी पढ़ें- ‘कन्नौज में खाली कुर्सियों ने बता दी अखिलेश की हैसियत’, ओम प्रकाश राजभर का सपा प्रमुख पर करारा तंज
वाराणसी और जौनपुर के मंदिरों में भी भीड़
वाराणसी के गोलघर स्थित प्राचीन सिद्धमाता मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही. यहां करीब 50 हजार भक्तों के दर्शन करने की जानकारी सामने आई है. भक्त मां सिद्धिदात्री की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं.
वहीं, जौनपुर के चौकियां धाम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे. नवमी के अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा और धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं. प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की आवाजाही संभालने के इंतजाम किए गए हैं.

