मथुरा. वृंदावन स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में शनिवार सुबह निजी सुरक्षाकर्मियों और श्रद्धालुओं के बीच मारपीट हो गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार पर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

मंदिर में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के लिए निजी सुरक्षाकर्मी तैनात हैं. ऐसे में इस घटना ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

इसे भी पढ़ें- यूपी में 7 दिन बारिश के आसार नहीं, दिन में बढ़ेगी गर्मी; रात में ठंडक, बाढ़ की मुसीबत बरकरार

महिला श्रद्धालु और युवक से उलझे सुरक्षाकर्मी

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में निजी सुरक्षाकर्मी एक महिला श्रद्धालु और युवक से उलझते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में दोनों पक्षों के बीच विवाद होता नजर आता है. घटना के दौरान क्या हुआ, इसकी पूरी जानकारी वीडियो से स्पष्ट नहीं है.

मंदिर परिसर में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है. लोगों का कहना है कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ संयम और सम्मान से पेश आना चाहिए.

सुरक्षा प्रभारी ने बताई विवाद की वजह

मंदिर के सुरक्षा प्रभारी अशोक कौशिक के मुताबिक, दर्शन के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने कानपुर से आए श्रद्धालुओं को कतार में आगे बढ़ने के लिए कहा था. इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई. बाद में विवाद मारपीट में बदल गया. सुरक्षा प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों को समझाया गया और आपसी समझौता करा दिया गया. हालांकि, घटना को लेकर किसी अन्य कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है.

एंबुलेंस नहीं मिलने पर भी हुआ था हंगामा

इससे पहले 26 सितंबर को मंदिर में दर्शन के लिए आए बिहार के सिवान निवासी दिनेश महतो की तबीयत बिगड़ गई थी. उन्हें सीने में दर्द और घबराहट हुई. परिजनों के अनुसार, पास खड़ी एंबुलेंस में चालक मौजूद नहीं था. फोन करने पर चालक ने दो घंटे बाद आने की बात कही.

इसे भी पढ़ें- यूपी MLC चुनाव: 23 अक्टूबर को वोटिंग, मेरठ समेत वेस्ट यूपी की 5 सीटों पर कड़ा पहरा

इसके बाद परिजन नाराज हो गए और हंगामा किया. दिनेश को करीब आधे घंटे बाद ई-रिक्शा से रामकृष्ण मिशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें उपचार मिला. लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद मंदिर की सुरक्षा और आपातकालीन सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग उठ रही है.