शिखिल ब्योहार, भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी के चुनावी हलफनामे से बेहद चौंकाने वाले और दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। वर्ष 2018 और 2019 के पुराने हलफनामों से यदि तुलना की जाए तो दोनों की संयुक्त चल संपत्ति इन 8 वर्षों में बढ़कर 4 गुना हो गई है, जो अब 4.22 करोड़ रुपए से छलांग लगाकर 17.20 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। खास बात यह है कि संपत्ति और आय के मामले में केंद्रीय मंत्री की पत्नी अपने पति से काफी आगे निकल गई हैं।

ये भी पढ़ें: हरदीप पुरी के नामांकन पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का तंज; चोरों की तरह नॉमिनेशन भरने और मुंह छिपाने का लगाया आरोप

पत्नी की आय पति से दोगुनी, 5 वर्षों में 11 गुना बढ़ी

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी की पत्नी लक्ष्मी पुरी की वित्तीय स्थिति में पिछले कुछ वर्षों में जबरदस्त इजाफा देखा गया है। उनकी सालाना आय पिछले पांच वित्त वर्षों के दौरान करीब 11 गुना बढ़ गई है। वित्त वर्ष 2021-22 में उनकी सालाना आय 15.40 लाख रुपए थी, जो बढ़कर 2025-26 में 1.70 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। यह उनके वित्तीय सफर में 1003 प्रतिशत की अभूतपूर्व बढ़ोतरी को दर्शाता है। इसके उलट, इस अवधि के दौरान खुद हरदीप पुरी की आय में केवल 19 प्रतिशत की मामूली वृद्धि दर्ज की गई, जो 2021-22 में 63.37 लाख रुपए से बढ़कर 2025-26 में 75.57 लाख रुपए हुई। इन आंकड़ों के बाद अब लक्ष्मी पुरी की सालाना आय उनके पति से दोगुने से भी अधिक हो गई है।

प्रॉपर्टी के लिए 14 करोड़ का एडवांस और कर्ज मुक्त दंपती

हलफनामे के अनुसार, संपत्ति खरीदने के मामले में भी दोनों ने बड़े निवेश किए हैं। दंपती ने विभिन्न संपत्तियों के लिए कुल 14.17 करोड़ रुपए का एडवांस दे रखा है, जिसमें अकेले हरदीप पुरी ने 5.50 करोड़ रुपए और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी ने 8.67 करोड़ रुपए का भुगतान किया है। इस पूरे वित्तीय ब्योरे की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि दोनों पर वर्तमान में किसी भी तरह की कोई देनदारी या बैंक कर्ज नहीं है। वे पूरी तरह से कर्जमुक्त हैं।

ये भी पढ़ें: MP Weather Update: राज्य में ठंड ने दी दस्तक, चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से कई संभागों में छाए रहे बादल; जानें अपने शहर का हाल

स्विट्जरलैंड में फ्लैट और शानदार करियर बैकग्राउंड

केंद्रीय मंत्री की पत्नी लक्ष्मी पुरी के पास जिनेवा (स्विट्जरलैंड) में 311 वर्गमीटर का एक शानदार फ्लैट भी मौजूद है। उन्होंने यह फ्लैट वर्ष 2006 में 16 लाख स्विस फ्रैंक में खरीदा था, जिसकी मौजूदा कीमत बढ़कर अब 30 लाख स्विस फ्रैंक हो गई है। गौरतलब है कि वर्ष 2018-19 के दौरान इस प्रॉपर्टी पर 8.85 लाख स्विस फ्रैंक का कर्ज था, जिसे अब पूरी तरह चुका दिया गया है। ज्ञात हो कि लक्ष्मी पुरी एक प्रतिष्ठित पूर्व भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी रह चुकी हैं, संयुक्त राष्ट्र में सहायक महासचिव की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं और वर्तमान में अपोलो टायर्स में स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्य कर रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m