हरदोई. उत्तर प्रदेश के हरदोई में कक्षा आठ की 13 वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई. छात्रा के पिता ने स्कूल की एक छात्रा और शिक्षक पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है. छात्रा की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया. अंतिम संस्कार के दौरान गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस तैनात की गई.
इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी पर FIR से भड़की कांग्रेस, लखनऊ में निकाला विरोध मार्च
सहपाठी से कहासुनी के बाद मारपीट का आरोप
मामला पचदेवरा थाना क्षेत्र के सहुआपुर गांव का है. यहां रहने वाले उमेश दीक्षित खेती करते हैं. उनकी बड़ी बेटी क्षमा गांव स्थित सिविलियन स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ती थी. पिता के मुताबिक, 20 अगस्त को स्कूल में क्षमा की अपनी कक्षा की एक छात्रा से कहासुनी हो गई थी. आरोप है कि विवाद के बाद छात्रा ने क्षमा के साथ मारपीट की. इसके बाद क्षमा मामले की शिकायत लेकर स्कूल के शिक्षक के पास पहुंची. पिता का आरोप है कि शिकायत से नाराज शिक्षक ने भी बेटी के साथ मारपीट की और उसके दोनों हाथ मरोड़ दिए. इससे छात्रा घायल हो गई.
दो दिन इलाज के बाद बिगड़ी हालत
परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वे स्कूल पहुंचे थे. उस समय शिक्षक ने छात्रा का इलाज कराने की बात कही थी. परिवार के मुताबिक, करीब दो दिन तक उसका इलाज कराया गया, लेकिन बाद में शिक्षक ने आगे इलाज कराने से इनकार कर दिया. क्षमा की हालत बिगड़ने पर 23 अगस्त को परिजन उसे फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां भर्ती कराने के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ. इसके बाद परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज किया.
इलाज के दौरान छात्रा ने तोड़ा दम
रविवार रात निजी अस्पताल में इलाज के दौरान क्षमा की मौत हो गई. बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. मां संगीता देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. छात्रा के पिता उमेश दीक्षित ने 23 अगस्त को पुलिस को तहरीर देकर शिक्षक पर बेटी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था. उनका कहना है कि स्कूल में हुई कथित पिटाई के बाद ही बेटी की तबीयत बिगड़ी और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह होगी स्पष्ट
फर्रुखाबाद पुलिस ने छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया है. सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव जब सहुआपुर गांव पहुंचा तो पुलिस बल तैनात कर दिया गया. पचदेवरा समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही. प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से छात्रा की मौत का कारण स्पष्ट होगा. पुलिस का कहना है कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें- गन्ना ढुलाई पर अब डिजिटल पहरा, GPS से होगी 24 घंटे ट्रैकिंग, किसानों को मिलेगा पूरा वजन
इस बीच छात्रा का मौत से पहले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने साथ हुई घटना के बारे में बताती नजर आ रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


