हरदोई. उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. गौरीदायमपुर गांव में शुक्रवार देर रात शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी 35 वर्षीय पत्नी की सिलबट्टे से वार कर निर्मम हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी घर का दरवाजा बाहर से बंद कर मौके से फरार हो गया. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें- बाबा’राज’ में बदमाश बेलगाम! दिनदहाड़े पुलिस बूथ के पास से तमंचे की नोंक पर लूट, कहां खाक छान रहे कानून के रखवाले?

घरेलू विवाद ने लिया खूनी मोड़

पुलिस के अनुसार, आरोपी कुंजबिहारी गुप्ता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था. शुक्रवार रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर पत्नी मोनी से कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर उसने रसोई में रखा भारी सिलबट्टा उठाकर पत्नी के सिर, चेहरे और आंख पर कई ताबड़तोड़ वार किए. गंभीर चोटों के कारण मोनी की मौके पर ही मौत हो गई.

वारदात के बाद बाहर से बंद किया घर

हत्या करने के बाद आरोपी ने मकान का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और गांव से भाग निकला. देर रात उसे संदिग्ध हालत में भागते देख ग्रामीणों को शक हुआ. जब पड़ोसियों ने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो महिला का खून से लथपथ शव पड़ा मिला. इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई.

2017 में हुई थी शादी, शराब से बिगड़ा परिवार

ग्रामीणों के मुताबिक, कुंजबिहारी और मोनी की शादी वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के दौरान हुई थी. शादी के कुछ समय बाद आरोपी को शराब की लत लग गई, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.

इसे भी पढ़ें- मेरठ में सनसनी: पत्नी ने नींद की गोलियां देकर पति को जहरीले सांप से डसवाया, प्रेमी और वैन ड्राइवर संग रची साजिश

चार दिन पहले बेटे को भेजा था दिल्ली

दंपति का चार वर्षीय बेटा युवराज इस घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गया. परिवार के अनुसार, घरेलू कलह से परेशान होकर मोनी ने चार दिन पहले ही बेटे को अपने जेठ के बेटे सचिन के साथ दिल्ली भेज दिया था. ग्रामीणों का कहना है कि यदि बच्चा घर पर होता तो उसकी जान भी खतरे में पड़ सकती थी. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.