फरीदाबाद।हरियाणा स्टेट विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो ने हरियाणा पुलिस के एक्सटेंडेड असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर (ESI) होशियार सिंह को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पलवल जिले के चांदहट थाना में ईआरवी इंचार्ज के पद पर तैनात था। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार शिकायतकर्ता हरियाणा पुलिस का सेवानिवृत्त असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) है। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में पलवल के कैंप थाना में दर्ज हनी ट्रैप मामले में होशियार सिंह मूल शिकायतकर्ता था। जांच के दौरान सह-आरोपियों के खुलासे के आधार पर शिकायतकर्ता का नाम भी इस मामले में जोड़ दिया गया था। फिलहाल वह जमानत पर बाहर है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि होशियार सिंह ने केस में राहत दिलाने और मामला निपटाने के नाम पर 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो ने आरोपों का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी ESI को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।