अंबाला। हरियाणा के रेलवे स्टेशन केसरी के पास मंगलवार को गैस रिसाव के कारण बड़ा हादसा हो गया। रसोई में खाना गर्म करने के दौरान गैस सिलेंडर का पाइप फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि रसोई सहित मकान की पक्की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया।
खाना गर्म करते ही हुआ विस्फोट
जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन केसरी निवासी दीपक कुमार खाना खाने के लिए घर आया था। बताया जा रहा है कि बंद रसोई में पहले से गैस लीक होने के कारण गैस भर चुकी थी। जैसे ही दीपक ने खाना गर्म करने के लिए चूल्हा जलाया, गैस ने आग पकड़ ली और कुछ ही सेकंड में सिलेंडर का पाइप तेज धमाके के साथ फट गया।
धमाके से ढह गई दीवार
विस्फोट इतना भीषण था कि रसोई की कंक्रीट की मजबूत दीवार ढह गई, जबकि दरवाजे और अन्य हिस्से भी टूटकर दूर जा गिरे। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे व धुएं के बीच फंसे दीपक को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
चंडीगढ़ रेफर किया गया घायल
गंभीर रूप से झुलसे दीपक को पहले नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मां दवाई लेने गई थी, घर में पिता-पुत्र थे
घायल युवक के पिता पवन सिंह ने बताया कि हादसे के समय घर में केवल वे और उनका बेटा दीपक मौजूद थे। दीपक की मां दवाई लेने के लिए डॉक्टर के पास गई हुई थीं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह रसोई में गैस रिसाव मानी जा रही है।

