भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की 12वीं कंपार्टमेंट, अतिरिक्त विषय और अंक सुधार की एक दिवसीय परीक्षा 9 जुलाई को आयोजित होगी। वहीं 10वीं कंपार्टमेंट (EIOP), अतिरिक्त विषय और अंक सुधार की परीक्षाएं 10 से 18 जुलाई तक प्रदेशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि 12वीं की परीक्षा में 24,888 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें 15,676 छात्र और 9,212 छात्राएं हैं।

वहीं 10वीं की कंपार्टमेंट, अतिरिक्त विषय और अंक सुधार परीक्षा में 25,979 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 16,269 छात्र और 9,710 छात्राएं शामिल हैं।

95 परीक्षा केंद्र बनाए गए

इन परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए प्रदेशभर में 95 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होंगी।

नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम

शिक्षा बोर्ड ने नकल रोकने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। प्रदेशभर में 22 प्रभावी उड़नदस्तों का गठन किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास परीक्षा अवधि के दौरान धारा-163 लागू रहेगी।

इसके अलावा परीक्षा के दिन सभी परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में स्थित फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे।

इन नियमों का करना होगा पालन

बोर्ड ने परीक्षार्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपना रंगीन प्रवेश-पत्र (Admit Card) A-4 साइज पेपर पर ही प्रिंट करें। प्रवेश-पत्र पर आवेदन के समय अपलोड किया गया रंगीन फोटो चिपकाकर किसी सरकारी या मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्राचार्य, मुख्याध्यापक अथवा किसी राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित कराना अनिवार्य होगा।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश-पत्र और मूल पहचान पत्र (आधार कार्ड या अन्य वैध आईडी) के बिना किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।