जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए पूरे जिले में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि दौरे को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एसपी कुलदीप सिंह के अनुसार प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान करीब 5000 पुलिस अधिकारी और जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। रैली स्थल, हेलीपैड, प्रमुख मार्गों, रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूरे सुरक्षा प्रबंध की लगातार निगरानी करेंगे।
ट्रैफिक व्यवस्था भी रहेगी चाक-चौबंद
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान शहर में यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत 30 राइडर, 6 पीसीआर और 6 ईआरवी वाहनों की तैनाती की गई है। थाना शहर, सदर, सिविल लाइन और महिला थाना सहित सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सीआईए टीमें भी मैदान में, CCTV से होगी 24 घंटे निगरानी
एसपी ने बताया कि सीआईए की सभी टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रही हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। हेलीपैड से रेलवे स्टेशन और रैली स्थल तक पूरे सुरक्षा मार्ग की अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी।
हर आपात स्थिति पर रहेगी पैनी नजर
जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में भी पुलिस की विशेष गश्त जारी रहेगी। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

