एसआर रघुवंशी, गुना। मध्यप्रदेश गुना जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एनएफएल (NFL) से गुना स्थित टेकरी मंदिर दर्शन कर लौट रहे महिला और पुरुष के साथ हाईवे पर करीब 5 से 6 बदमाशों ने लूटपाट की और महिला को जंगल में घसीटकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का प्रयास किया।

पंचर का बहाना बनाकर रुकवाई बाइक

पीड़ितों के अनुसार, वे बाइक से लौट रहे थे कि धरनावदा थाना क्षेत्र में हाईवे पर कुछ अज्ञात लोगों ने गाड़ी का पहिया पंचर होने का बहाना बनाकर उन्हें रोक लिया। जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी, 5 से 6 बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और मोबाइल व बाइक लूट ली।

जंगल में घसीटकर ले गए

महिला का गंभीर आरोप है कि लूटपाट के बाद आरोपी उसे जबरन घसीटकर पास के जंगल में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल-112 (Dial-112) की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को आता देख सभी आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

जांच के लिए SIT गठित

धरनावदा थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) हितिका वासल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआईटी (SIT) का गठन किया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 4 से 5 अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

गुना एसपी, हितिका वासल

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m