हिसार। हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। मुंबई से आ रहे एक चार्टर्ड विमान की गलत रनवे पर लैंडिंग के कारण बड़ा हादसा होते-होते बच गया। विमान में एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा के पिता स्वर्गीय नंद किशोर गोयनका का पार्थिव शरीर और उनके परिजन सवार थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पायलट ने चालू रनवे के बजाय गलती से पास में बने बंद पड़े पुराने रनवे (अप्रोच रोड) पर विमान उतार दिया।
‘कैट आई’ से टकराया विमान, विंग हुआ क्षतिग्रस्त
गलत रनवे पर लैंडिंग के दौरान विमान जमीन पर लगी ‘कैट आई’ (रनवे रिफ्लेक्टिव लाइट) से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि एक कैट आई विमान के पंख (विंग) को क्षतिग्रस्त करते हुए अंदर तक घुस गई। इससे विमान के विंग को नुकसान पहुंचा।
सभी यात्री सुरक्षित
राहत की बात यह रही कि घटना के बावजूद विमान में आग नहीं लगी और कोई जनहानि नहीं हुई। विमान में मौजूद पायलट दल, नंद किशोर गोयनका के परिजन और अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं।
ATC निर्देशों के बावजूद कैसे हुई चूक, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। अब यह जांच की जा रही है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देशों के बावजूद विमान बंद रनवे पर कैसे उतर गया।

