Hockey World Cup 2026: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सामने अब मेजबान नीदरलैंड की कड़ी चुनौती है। पूल-डी में तीन मुकाबलों में दो जीत और एक हार के साथ टॉप-8 में अपनी जगह पक्की करने के बाद भारतीय टीम अब अगले चरण में पहुंच चुकी है। टीम इंडिया को पूल-ई में रखा गया है, जहां उसके साथ इंग्लैंड, नीदरलैंड और अर्जेंटीना की टीमें हैं।
भारतीय टीम इस चरण में नीदरलैंड और अर्जेंटीना के खिलाफ मुकाबले खेलेगी। उसका पहला मैच आज शाम मेजबान नीदरलैंड के खिलाफ होगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला एम्सटेलवीन के वेगेनेर स्टेडियम में खेला जाएगा।
नीदरलैंड के खिलाफ आसान नहीं होगी राह
नीदरलैंड ने वर्ल्ड कप के पहले राउंड में शानदार प्रदर्शन किया है। मेजबान टीम ने अपने तीनों मुकाबले जीतकर अगले चरण में जगह बनाई है। ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला बिल्कुल आसान नहीं रहने वाला है।
दूसरी ओर, टीम इंडिया के लिए भी यह मैच काफी अहम है। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारतीय टीम को इस चरण में अपने दोनों मुकाबलों में जीत हासिल करनी होगी। ऐसे में नीदरलैंड के खिलाफ होने वाला मुकाबला टूर्नामेंट में भारत के आगे के सफर के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नीदरलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड
भारत और नीदरलैंड के बीच हॉकी में अब तक 24 मुकाबले खेले गए हैं। इन मैचों में नीदरलैंड का पलड़ा भारी रहा है। मेजबान टीम ने 11 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि भारतीय टीम 6 मैच अपने नाम करने में सफल रही है। दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड को देखते हुए भारतीय टीम के सामने एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी होगा। हालांकि, वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर पुराने आंकड़ों से ज्यादा मौजूदा दिन का प्रदर्शन मायने रखता है। भारत को नीदरलैंड के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए शुरुआत से ही बेहतर रणनीति और मजबूत प्रदर्शन करना होगा।
कब और कहां खेला जाएगा भारत-नीदरलैंड मैच?
हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में आज भारत और नीदरलैंड के बीच मुकाबला एम्सटेलवीन के वेगेनेर स्टेडियम में होगा और भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
भारत में कहां देखें लाइव?
भारतीय हॉकी प्रशंसक इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा मुकाबले का लाइव प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर भी उपलब्ध होगा, जिसे डीडी फ्रीडिश के जरिए देखा जा सकता है। ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग की बात करें तो भारत-नीदरलैंड मुकाबला जियो हॉटस्टार ऐप पर लाइव देखा जा सकेगा।
अब सबकी नजरें वेगेनेर स्टेडियम में होने वाले इस अहम मुकाबले पर होंगी। मेजबान नीदरलैंड के खिलाफ जीत भारत को सेमीफाइनल की दौड़ में मजबूत स्थिति में पहुंचा सकती है, जबकि हार के बाद आगे की राह मुश्किल हो जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

