हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रॉपर्टी कारोबारी जीतू साहू की संदिग्ध मौत के मामले में जांच लगातार नए मोड़ ले रही है। इस मामले में पुलिस ने भोपाल की एक युवती को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में हनी ट्रैप एंगल सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी पहलू की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

READ MORE: होटल से गिरकर प्रॉपर्टी कारोबारी की संदिग्ध मौत, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर; कर्ज और महिला एंगल की पुलिस ने शुरू की  जांच

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में ली गई युवती कारोबारी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोप है कि युवती ने कारोबारी से करीब 70 लाख रुपये, महंगी ज्वेलरी और एक लग्जरी कार ली थी। साथ ही वह कारोबारी पर लगातार दबाव भी बना रही थी। बताया जा रहा है कि कारोबारी जीतू ने ही युवती के लिए होटल में कमरा बुक कराया था। घटना वाले दिन होटल की बालकनी से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई थी। इस पूरी घटना के बाद पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

READ MORE: अंधेकत्ल का 24 घंटे में खुलासा: बहन से शादी की बात पर हुए झगड़े में नशे में युवक को उतारा था मौत के घाट

मामले में एक और अहम जानकारी सामने आई है। कारोबारी की बेटी ने पिता के मोबाइल फोन में कथित तौर पर धमकी से जुड़ा एक वीडियो देखा था, जिसके आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। वहीं, घटना के समय होटल में मौजूद कारोबारी के दोस्तों से भी पुलिस ने पूछताछ की है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

फिलहाल बाणगंगा थाना पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m