Lifestyle Desk: अगर आपके घर में भी लौकी का नाम सुनते ही बच्चे और बड़े मुंह बनाने लगते हैं, तो इस बार उनसे लौकी की एक ऐसी मिठाई बनाकर खिलाइए जिसे वे बार-बार खाने की फरमाइश करेंगे। लौकी रबड़ी स्वाद में बेहद क्रीमी, गाढ़ी और लाजवाब होती है। इसमें लौकी का स्वाद बहुत हल्का रहता है, जबकि इलायची, केसर और मेवों की खुशबू इसे शाही मिठाई का स्वाद देती है। तो आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
सामग्री
- लौकी-500 ग्राम
- फुल क्रीम दूध-1 लीटर
- मावा -100 ग्राम
- चीनी -½ कप
- इलायची पाउडर-¼ छोटा चम्मच
- केसर के रेशे -8–10
- काजू, बादाम और पिस्ता-2 बड़े चम्मच (कटे हुए)
- घी-1 छोटा चम्मच
विधि
1-लौकी को छीलकर बीच के बीज निकाल दें और कद्दूकस कर लें।कद्दूकस की हुई लौकी को हल्का निचोड़ लें ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए।
2-एक कड़ाही में थोड़ा घी गर्म करें और लौकी को 5–7 मिनट तक भून लें, ताकि उसकी कच्ची महक खत्म हो जाए।
3-दूसरी तरफ एक भारी तले वाले बर्तन में दूध को उबालें और धीमी आंच पर पकाते हुए लगभग एक-तिहाई रहने तक गाढ़ा करें।
4-अब भुनी हुई लौकी दूध में डालकर 10–15 मिनट तक पकाएं।इसमें मावा मिलाएं और अच्छी तरह चलाते हुए घुलने दें।
5-फिर चीनी डालें और 5–7 मिनट तक पकाएं। चीनी डालने के बाद मिश्रण थोड़ा पतला होगा, इसलिए इसे फिर से हल्का गाढ़ा होने तक पकाएं।अब इलायची पाउडर, केसर और आधे कटे हुए मेवे डालकर मिला दें।गैस बंद करें और रबड़ी को हल्का ठंडा होने दें।
6-रबड़ी को फ्रिज में 2–3 घंटे ठंडा करें। सर्व करते समय ऊपर से बचे हुए काजू, बादाम, पिस्ता और कुछ केसर के रेशे डालकर सजाएं।
स्वाद बढ़ाने के टिप्स
1-हमेशा फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें, इससे रबड़ी ज्यादा क्रीमी बनेगी।
2-लौकी को पहले हल्का भूनने से उसका कच्चा स्वाद नहीं आता।
3-चीनी हमेशा दूध और लौकी अच्छी तरह पक जाने के बाद ही डालें।
4-चाहें तो गुलाब जल या कुछ बूंदें केवड़ा जल मिलाकर भी इसका स्वाद और खुशबू बढ़ा सकते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


