20 दिनों से शिक्षामंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षाविद सोनम वांगचुक को शनिवार के दिन दिल्ली पुलिस ने सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया। उन्हें सरकारी अस्पताल से निजी अस्पताल में शिफ्ट करने के लिए उनकी पत्नी ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। जिसे खारिज करते हुए कोर्ट ने कहा है कि, फिलहाल निजी अस्पताल में शिफ्ट नहीं किया जाएगा। कोर्ट ने कहा कि स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद सरकार ने उन्हें अस्पताल में ले जाने का फैसला किया, तो इस कार्रवाई को मनमाना नहीं कहा जा सकता। बता दें, वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि उन्हें सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं है, इसलिए वांगचुक को निजी अस्पताल में भर्ती किया जाए।

सिब्बल बोले- वांगचुक को वकील या डॉक्टरों से नहीं मिलने दिया

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा, “उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों-वकीलों से मिलने नहीं दिया गया। हमें नहीं पता कि उन्हें कौनसी दवाएं दी गईं। न तो उन्हें हिरासत में रखा गया है और न ही उन पर कोई अपराध का आरोप है। हम उनकी छुट्टी की मांग करते हैं। उनका कहना है कि पोटैशियम लेवल कम हो गया। यह 2.9 के बजाय 3.6 था, लेकिन मैं अपनी पसंद के अस्पताल जाना चाहता हूं।”

सरकार ने दिया वांगचुक के स्वास्थ्य का हवाला

ASG चेतन शर्मा ने कहा, “वांगचुक की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। वह इस मौसम में 18 दिनों से भूख हड़ताल पर थे। लंबा उपवास रहने से शरीर में ‘कीटोसिस’ नामक स्थिति हो जाती है। जरूरी नहीं कि हर बार जांच में तुरंत दिखाई दे, लेकिन इससे शरीर को शॉक लग सकता है। अगर शरीर में पोटैशियम का लेवल कम हो जाता है, तो दिक्कत हो सकती है। किडनी का काम करना प्रभावित होगा।”

कोर्ट बोला- स्वास्थ्य को देखते हुए अस्पताल ले जाना मनमाना नहीं

कोर्ट ने कहा, “सरकार ने स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें अस्पताल में शिफ्ट करने का फैसला किया है, इसलिए यह कदम मनमाना नहीं लगता। डॉक्टर उनकी सेहत पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और उनकी सहमति से ही उन्हें कुछ चीजें मौखिक रूप से दी हैं, इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि उनके साथ जबरदस्ती की गई। उन्होंने अपनी मर्जी से अस्पताल में भर्ती होने का फैसला नहीं किया, सरकार के पास ऐसा कदम उठाने का अधिकार था।

कैसी है वांगचुक की तबीयत?

सफदरजंग अस्पताल ने वांगचुक का हेल्थ अपडेट जारी कर बताया कि उन्हें जरूरी चिकित्स्कीय मदद दी जा रही है। अभी उनके हेल्थ पैरामीटर्स स्थिर हैं, लेकिन ब्लड पैरामीटर्स में थोड़ा बदलाव है। बयान के अनुसार, वांगचुक पूरी तरह होश में हैं। उनका ब्लड प्रेशर, पल्स और ऑक्सीजन सैचुरेशन सामान्य सीमाओं के अंदर है। हालांकि, उनके शरीर में डिहाइड्रेशन के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि यह बेहद जरूरी है कि उन्हें चिकित्सकीय देखरेख में रखा जाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m