Bundi Cremation Ground Incident: राजस्थान के बूंदी जिले में एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दबलाना थाना क्षेत्र के बड़गांव में एक 11 वर्षीय बालक के अंतिम संस्कार के दो दिन बाद अस्थियां गायब मिलीं। जब परिजन तीय की रस्म निभाने श्मशान घाट पहुंचे, तो वहां चिता की राख और अस्थियां नहीं थीं। बेटे की अंतिम निशानी खो जाने से परिवार गहरे सदमे में है।

तीय की रस्म के दौरान खुला मामला

मृतक बालक के पिता किशन बंजारा ने बताया कि उनके 11 वर्षीय पुत्र अमलेश बंजारा का निधन हो गया था। परिवार ने पूरे रीति-रिवाज के साथ उसका अंतिम संस्कार किया। दो दिन बाद जब परिजन अस्थियां एकत्र करने और धार्मिक रस्म निभाने पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर सबके होश उड़ गए। चिता वाली जगह पर कुछ भी शेष नहीं बचा था।

श्मशान भूमि पर कब्जा

पीड़ित परिवार ने स्थानीय लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि श्मशान भूमि पर कुछ लोगों का अवैध कब्जा है। जानबूझकर राख और अस्थियां हटा दी गईं ताकि रस्म पूरी न हो सके। यही नहीं, जब परिवार ने इस पर आपत्ति जताई, तो उन्हें अभद्र भाषा में धमकियां दी गईं। इस घटना से पूरे ग्रामीण क्षेत्र में भारी आक्रोश है।

पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच शुरू

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित परिवार ने दबलाना थाने में शिकायत दी। थाना प्रभारी प्रिया व्यास ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

पढ़ें ये खबरें