फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान में को-पायलट के हमले में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉल पर बात की। पीएम मोदी ने मुश्किल हालात में उनकी हिम्मत, सूझबूझ और संयम की सराहना करते हुए कहा कि पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है।

भावुक हुए कैप्टन स्मित, PM मोदी को बताया अपना आदर्श

प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित भावुक हो गए। उन्होंने पीएम मोदी को अपना सबसे बड़ा आदर्श बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का फोन कर उनका हौसला बढ़ाना उनके लिए बेहद गर्व की बात है। स्मित ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें प्रधानमंत्री से सीधे बात करने का अवसर मिलेगा।

‘गिर गया था, लेकिन पता था नहीं उठा तो मर जाऊंगा’

हमले के दौरान के भयावह अनुभव को साझा करते हुए कैप्टन स्मित ने बताया कि उन्हें गंभीर चोटें लगी थीं और वह गिर गए थे। लेकिन उस समय उन्हें एहसास था कि अगर वह नहीं उठे तो उनकी जान जा सकती है।

उन्होंने कहा कि 17 साल से उड़ान भरने और 11 साल से कैप्टन होने के अनुभव के कारण आंखें बंद होने के बावजूद उन्हें अंदाजा था कि विमान में क्या हो रहा है। उन्होंने खुद को संभाला और कॉकपिट का दरवाजा खोलने की आखिरी कोशिश की। दरवाजा खुलते ही अन्य लोग भी कॉकपिट में पहुंच गए।

‘सबने बराबर भूमिका निभाई’

कैप्टन स्मित ने इस घटना का श्रेय अकेले खुद को देने के बजाय कहा कि विमान में मौजूद सभी लोगों ने मुश्किल समय में अपनी-अपनी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उस वक्त उन्हें पता था कि क्या करना है और उन्हें अपनी आखिरी कोशिश करनी ही थी।

मुश्किल वक्त में पढ़ रहे थे हनुमान चालीसा

स्मित ने बताया कि संकट के समय वह हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। हमले के दौरान भी वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे। उनके मन में सिर्फ यही था कि विमान में किसी की जान नहीं जानी चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत गर्व से कह सकता है कि भारतीय दूसरों की जान लेने वाले नहीं, बल्कि दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले लोग हैं। उन्होंने कैप्टन स्मित की मां गीता बेन का भी उल्लेख किया और कहा कि उन्होंने उन्हें भगवद्गीता की सीख और संस्कारों के साथ बड़ा किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m