ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद पहली बार राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपने पिता के “बेगुनाह खून का बदला” लेकर रहेंगे। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि यह केवल उनका संकल्प नहीं बल्कि पूरे ईरानी राष्ट्र की इच्छा है।

मुजतबा खामेनेई ने अंतिम संस्कार में शामिल लाखों लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की अभूतपूर्व मौजूदगी ने ईरान के विरोधियों को करारा जवाब दिया और यह देश के इतिहास का एक महत्वपूर्ण क्षण साबित हुआ।

ट्रम्प की कड़ी चेतावनी

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को सख्त संदेश देते हुए कहा कि यदि उनकी हत्या की कोई भी कोशिश की गई तो ईरान को “पूरी तरह तबाह” कर दिया जाएगा। ट्रुथ सोशल पर जारी अपने संदेश में ट्रम्प ने दावा किया कि ईरान की ओर 1000 मिसाइलें तैयार हैं और आवश्यकता पड़ने पर हजारों अतिरिक्त मिसाइलों का इस्तेमाल किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि ट्रम्प पर अब तक छह बार हत्या की कोशिश होने के दावे किए जा चुके हैं।

ईरान-इजराइल तनाव भी बढ़ा

ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने चेतावनी दी है कि यदि इजराइल ने उसके रणनीतिक ठिकानों पर दोबारा हमला किया तो उसे पहले से अधिक कड़ा जवाब दिया जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ संभावित कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका-ईरान आमने-सामने

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान के उस दावे को खारिज किया जिसमें होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर नियंत्रण की बात कही गई थी। CENTCOM के अनुसार, अब तक 800 से अधिक व्यापारिक जहाज और करीब 38 करोड़ बैरल कच्चा तेल सुरक्षित रूप से इस समुद्री मार्ग से गुजर चुका है।

कतर और रूस की प्रतिक्रिया

कतर ने अमेरिका और ईरान से तनाव कम करने, समझौते का पालन करने तथा बातचीत जारी रखने की अपील की है। वहीं संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की आपात बैठक में रूस ने आरोप लगाया कि ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने ईरान के नागरिक ढांचे पर अमेरिका और इजराइल की कार्रवाई का समर्थन किया, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m