जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” के नेतृत्व में चल रहा शांतिपूर्ण प्रदर्शन आज तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन का नेतृत्व अभिजीत दीपके कर रहे हैं। अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke) ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे लोगों के प्रवेश के दौरान दिल्ली पुलिस (Delhi Police) आधार कार्ड की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था उचित नहीं है क्योंकि जंतर-मंतर सार्वजनिक प्रदर्शन स्थल है और वहां आने के लिए आधार कार्ड दिखाने की अनिवार्यता नहीं होनी चाहिए।  प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे हैं और किसी भी तरह की अनावश्यक जांच या रोक-टोक से उनका आंदोलन प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत में दीपके ने आरोप लगाया कि पुलिस न सिर्फ प्रदर्शन में शामिल लोगों, बल्कि उन्हें भोजन और पानी उपलब्ध कराने वालों के भी आधार कार्ड की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर जैसे सार्वजनिक प्रदर्शन स्थल पर आने के लिए किसी प्रकार के पहचान पत्र की अनिवार्यता उचित नहीं है। दीपके ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि लगातार लोगों के आधार कार्ड चेक किए जा रहे हैं, जिससे प्रदर्शन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन स्थल पर किसी भी नागरिक की आवाजाही को लेकर अनावश्यक बाधाएं नहीं होनी चाहिए।

BJP की रैलियों का किया जिक्र

दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि प्रदर्शन स्थल पर आने वाले लोगों से पुलिस आधार कार्ड मांग रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आधार कार्ड कब से अनिवार्य हो गया है। अपने पोस्ट में उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस कथित तौर पर आधार कार्ड के आधार पर लोगों को जंतर-मंतर से वापस भेज रही है। दीपके ने तुलना करते हुए पूछा कि क्या इसी तरह की जांच अन्य राजनीतिक रैलियों में भी की जाती है। प्रदर्शनकारी नेता के अनुसार, इस तरह की कार्रवाई से शांतिपूर्ण प्रदर्शन प्रभावित हो रहा है और लोगों की आवाजाही पर अनावश्यक रोक लग रही है।

दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

अभिजीत दीपके द्वारा लगाए गए दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई जांच नहीं की जा रही है। डीसीपी नई दिल्ली के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी बयान में कहा गया कि यह दावा गलत है और दिल्ली पुलिस न तो किसी का आधार कार्ड चेक कर रही है और न ही जंतर-मंतर पर आने वाले लोगों से आधार या पते से जुड़ी कोई जानकारी एकत्र की जा रही है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से यह प्रदर्शन शनिवार दोपहर से शुरू हुआ था। आंदोलन का नेतृत्व अभिजीत दीपके कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि देश की प्रमुख परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। इसके साथ ही उनकी मांग है कि शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। दीपके ने यह भी कहा है कि सरकार के साथ बातचीत के दरवाजे खुले हैं, बशर्ते जवाबदेही तय की जाए और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए।

अभिजीत दीपके की क्या मांग

अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। उनका आरोप है कि परीक्षा विवादों को लेकर जिम्मेदारी तय नहीं की जा रही है। दीपके ने यह भी मांग की है कि उन छात्रों के परिवारों को मुआवजा दिया जाए, जिनकी मौत कथित तौर पर पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के बाद हुई है। उन्होंने इस मुद्दे को बेहद गंभीर बताते हुए जवाबदेही की मांग दोहराई है। प्रदर्शन के दौरान रविवार को दीपके ने अधिकारियों से अपील की कि प्रदर्शन स्थल तक पहुंच पर किसी तरह की रोक न लगाई जाए और बुनियादी सुविधाओं को सुचारू रखा जाए। उन्होंने विशेष रूप से टॉयलेट में पानी की आपूर्ति बहाल करने की बात कही।

किसानों से भी की प्रदर्शन में शामिल होने की अपील

अभिजीत दीपके ने रविवार को किसान संगठनों से भी समर्थन की अपील की है। उन्होंने कहा कि सोमवार को भी दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और इसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शन के दूसरे दिन दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि परीक्षा विवादों को लेकर जवाबदेही तय होनी चाहिए। अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि प्रदर्शन में सोमवार को भीड़ बढ़ेगी, क्योंकि किसान संगठनों ने समर्थन देने की बात कही है और वे आंदोलन में शामिल होंगे। दीपके ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन स्थल पर दिल्ली पुलिस की ओर से उन लोगों से भी पूछताछ की जा रही है जो प्रदर्शनकारियों को पानी और केले जैसी जरूरी चीजें उपलब्ध करा रहे हैं। उनका कहना है कि इन लोगों से आधार कार्ड और पता जैसी जानकारी मांगी जा रही है, जिससे वे नाराज हैं। उन्होंने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों की मदद करने वालों से इस तरह की जानकारी लेना उचित नहीं है और इससे आंदोलन प्रभावित हो रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m