सहारनपुर. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान के संकेत मिल रहे हैं. इसी बीच कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर सांसद इमरान मसूद ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया दी है.
इसे भी पढ़ें- अयोध्या में अब दिल-किडनी से लेकर पेट तक का इलाज, मेडिकल कॉलेज में खुलेंगे 4 नए सुपर स्पेशलिटी विभाग
अखिलेश ने सुबह एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि गठबंधन में बात सीट की नहीं, जीत की होनी चाहिए. इस पर मसूद ने कहा कि बात सुनने में अच्छी लगती है, लेकिन जब सीट ही नहीं होगी तो जीत कैसे होगी. उन्होंने दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे का मुद्दा जल्द सुलझाने की जरूरत बताई.
इमरान बोले- सीट होगी तभी तो जीत होगी
बेंगलुरु में मीडिया से बातचीत में इमरान मसूद ने अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि यह बात अच्छी है कि चर्चा जीत की होनी चाहिए, लेकिन चुनाव लड़ने के लिए सीटें भी जरूरी हैं. उन्होंने संकेत दिया कि कांग्रेस चाहती है कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा जल्द तय हो. इससे पहले भी मसूद सीट शेयरिंग को लेकर सपा पर सार्वजनिक रूप से दबाव बनाते रहे हैं.
अखिलेश ने कहा था- बात सीट की नहीं, जीत की है
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि गठबंधन में कितनी सीटें किसके पास जा रही हैं, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण यह सुनिश्चित करना है कि जीत गठबंधन की हो. उन्होंने इसे साझा संघर्ष बताते हुए संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण और सामाजिक सौहार्द जैसे मुद्दों का भी जिक्र किया था.
कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव
सीट शेयरिंग की चर्चा के बीच कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव किया है. अराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष और इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. इस बदलाव को 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस की संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- केसरगंज मस्जिद विवाद: पूर्व सांसद शाहिद अखलाक के भाई राशिद पर FIR दर्ज, जानिए पूरा मामला
SIR विवाद पर भी इमरान ने साधा निशाना
इमरान मसूद ने SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष इस मुद्दे को उठा रहा है और ज्ञानेश कुमार को लेकर सवाल किए जाएंगे. चुनाव आयोग और SIR को लेकर विपक्षी दलों के विरोध-प्रदर्शन भी जारी हैं. कैप्टन स्मित मच्छार के मामले में मसूद ने उनकी बहादुरी की तारीफ की और आरोप लगाया कि भाजपा ने इस मुद्दे को भी ‘इवेंट’ बना दिया.

