सहारनपुर. कांग्रेस सांसद और उत्तर प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान का समर्थन किया. मसूद ने कहा, “मल्लिकार्जुन खरगे ने क्या गलत कहा, वो तो जाएगा ही. जैसी जुबान बोलेंगे, वैसी सुनेंगे.”

सहारनपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मसूद ने चुनाव आयोग, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और विपक्ष के कार्यक्रमों को लेकर भी सवाल उठाए.

इसे भी पढ़ें- UP में अर्नब तूफान की एंट्री से हड़कंप! भारी बारिश और तूफानी हवाओं को लेकर अलर्ट जारी

मोदी और शाह पर साधा निशाना

इमरान मसूद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सच से डरने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विपक्ष ‘मतदान की चोरी’ के मुद्दे पर जनता के सामने अपनी बात रखना चाहता है. लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित जनमहापरिषद के लिए सार्वजनिक स्थान नहीं दिया गया. मसूद ने सवाल उठाया कि विपक्ष को अपनी बात रखने से क्यों रोका जा रहा है.

दिल्ली पुलिस के इस्तेमाल का लगाया आरोप

कांग्रेस सांसद ने दिल्ली पुलिस के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अगर चुनाव आयोग पारदर्शी तरीके से काम कर रहा है, तो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री उसका बचाव क्यों कर रहे हैं? मसूद ने राहुल गांधी की ओर से उठाए गए चुनावी अनियमितताओं के मुद्दों का भी समर्थन किया.

SIR प्रक्रिया पर उठाए सवाल

मसूद ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया का इस्तेमाल कुछ मतदाताओं को सूची से हटाने के लिए किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की जनसुनवाई में चार बूथों से 400 से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए जाने का मामला सामने आया था. उन्होंने अल्पसंख्यकों, यादवों और विपक्षी समर्थकों के नाम हटाने का भी आरोप लगाया.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ MLC चुनाव परिणाम में BJP को झटका, सपा ने मारी बाजी, 11 में 9 सीटों के रिजल्ट घोषित, भाजपा के खाते में 5 सीट

आंदोलन जारी रखने का ऐलान

इमरान मसूद ने कहा कि INDIA गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त की जवाबदेही तय होने तक आंदोलन जारी रखेगा. उन्होंने चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग का समर्थन किया. यूपी विधान परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत पर उन्होंने कहा कि इससे भाजपा के खिलाफ बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत मिलता है.