लखनऊ. उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर दिखने लगा है. मौसम विभाग ने आज गुरुवार (29 अक्टूबर) को प्रदेश के 21 जिलों में भारी बारिश और 38 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी है. बुधवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में बारिश हुई. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, तूफान के असर से तापमान में 5 से 8 डिग्री तक गिरावट आ सकती है.

बताया जा रहा है कि पूरे प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. मौसम को देखते हुए प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ MLC चुनाव परिणाम में BJP को झटका, सपा ने मारी बाजी, 11 में 9 सीटों के रिजल्ट घोषित, भाजपा के खाते में 5 सीट

सभी जिलों में 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश

राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने सभी जिलों के अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. जिला आपदा नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने और जरूरी तैयारियां पूरी करने को कहा गया है. आंधी और बारिश से जन-धन के नुकसान को रोकने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.

धान की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान का खतरा

तूफान का असर खेती पर भी पड़ सकता है. इस समय धान की फसल पककर तैयार है और कई जगह कटाई चल रही है. तेज हवाओं से खेतों में खड़ी फसल गिर सकती है. कटा हुआ धान बारिश के पानी में भीगने से दाने काले पड़ सकते हैं और सड़ने का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे कटे हुए फसल को सुरक्षित रखने की सलाह है.

गेहूं और सरसों की बुवाई में हो सकती है देरी

बारिश से खेतों में पानी भरने पर गेहूं, सरसों और अगेती आलू की बुवाई प्रभावित हो सकती है. खेत सूखने में समय लगने से किसानों को बुवाई टालनी पड़ सकती है. इससे रबी की फसलों का समय भी प्रभावित होने की आशंका है.

इसे भी पढ़ें- खौफ का खात्मा! 50-50 हजार का इनाम, कई जिलों में मुकदमे, मुठभेड़ में मारा गया धर्मेन्द्र उर्फ टिंडी

किसानों को फसल बचाने की सलाह

कृषि विभाग ने किसानों को पकी धान और मक्के की फसल की जल्द कटाई करने की सलाह दी है. कटी फसल को खुले में न छोड़ें और तिरपाल से ढककर सुरक्षित जगह रखें. खेतों से पानी निकालने की व्यवस्था करें. अगले तीन से चार दिन खाद, कीटनाशक का छिड़काव और सिंचाई करने से बचें.

अगर तूफानी बारिश से फसल को नुकसान होता है, तो प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसान 72 घंटे के भीतर टोल-फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं.