सहारनपुर. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में हुए वंदे मातरम गायन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक टकराव में बदलता जा रहा है. बीजेपी जहां कांग्रेस नेताओं पर राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगा रही है, वहीं सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान देकर सियासी बहस को और तेज कर दिया है.

इमरान मसूद ने साफ शब्दों में कहा है कि वह वंदे मातरम नहीं गाएंगे. एक न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान उन्होंने बीजेपी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि जिसे वंदे मातरम से प्रेम है, वह गाए. उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. कांग्रेस सांसद ने कहा,“हमें जितना गाना है, हम उतना ही गाएंगे. मैं पहले भी नहीं गाता था और आगे भी नहीं गाऊंगा.” उन्होंने इसे अपनी व्यक्तिगत और संवैधानिक आजादी से जुड़ा विषय बताया.

इसे भी पढ़ें- UP की 100 सीटों पर आजाद अधिकार सेना की नजर, 20 प्रत्याशी घोषित, अमिताभ ठाकुर बोले- संघर्षशील लोगों को मौका

‘यह मेरा संवैधानिक अधिकार है’

इमरान मसूद ने कहा कि किसी को भी किसी चीज के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि वंदे मातरम का पूरा इतिहास समझने की जरूरत है और इसके संदर्भ को जाने बिना लोगों में गलत धारणा बनाई जा रही है. उन्होंने कहा कि वह अपने धर्म और मान्यताओं के अनुसार फैसला लेते हैं और इसे लेकर किसी तरह का दबाव स्वीकार नहीं करेंगे.

बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

दरअसल, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम गायन को लेकर विवाद शुरू हुआ था. बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने राष्ट्रगीत का सम्मान नहीं किया. इस मुद्दे को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कई शहरों में विरोध प्रदर्शन और मशाल यात्रा भी निकाली. बीजेपी नेताओं का कहना है कि वंदे मातरम देश की स्वतंत्रता आंदोलन की भावना से जुड़ा हुआ है और इसका सम्मान होना चाहिए.

मौलाना साजिद रशीदी ने भी उठाए सवाल

वहीं, ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया. मौलाना रशीदी ने कहा कि कांग्रेस ने मुस्लिम समुदाय को खुश करने के लिए ऐसा रुख अपनाया है. उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों ने मुसलमानों को केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया है.

इसे भी पढ़ें- सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने ‘वंदे मातरम विवाद’ पर कहा- सभी को सम्मान करना चाहिए

विवाद बढ़ने के संकेत

वंदे मातरम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राष्ट्रवाद, धार्मिक स्वतंत्रता और राजनीतिक बयानबाजी के बीच पहुंच गया है. कांग्रेस सांसद के बयान के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है. जहां बीजेपी इसे राष्ट्रगीत के सम्मान का मुद्दा बता रही है, वहीं इमरान मसूद ने इसे अपनी संवैधानिक स्वतंत्रता से जोड़ते हुए अपना रुख साफ कर दिया है.