नागदा (उज्जैन)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित नागदामें थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर बदमाश सरेबाजार चोरी की वारदात को अंजाम दे गया। घटना गांधी ज्वेलर्स की दुकान में घटित हुई। जहां सराफा व्यापारी बाथरूम करने गया। तभी बदमाश दुकान में घुसा और मात्र 2 मिनट में चांदी के जेवर से भरे चार बॉक्स थैली में डालकर फरार हो गया। लगभग चार लाख रुपए की चांदी के जेवर चोरी हुए है। सूचना पर मंडी पुलिस तत्काल पहुंची और बदमाश की तलाश शुरू की।
READ MORE: जेवर और नकदी लेकर महिला घर से गायबः पति ने प्रेम प्रसंग की जताई आशंका, थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट
मिली जानकारी के अनुसार पाड़ल्या रोड चौराहे पर चूड़ी बाजार के सामने प्रकाशचंद्र की गांधी ज्वेलर्स नाम से दुकान है। प्रकाशचंद्र ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। लॉकर खुला हुआ था। तभी वह कुछ समय के लिए उठकर बाथरुम करने गए। इतनी देर में ही अज्ञात बदमाश उनके दुकान में से चांदी के जेवर से भरे चार बॉक्स उठाकर ले गया। जिसमें बिछिया, पायल, बच्चों की पायल और चेन शामिल थी। लगभग साढ़े तीन से चार लाख रुपए के जेवर चोरी हुए है। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जिस पर पुलिस ने मौका मुआयना कर बदमाश की तलाश शुरू कर दी है।
दुकान में सीसीटीवी नहीं, सरकारी कैमरे में नजर आया बदमाश
पुलिस ने मौका मुआयना किया तो पता चला कि प्रकाशचंद्र की दुकान में कोई सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए थे। ऐसे में पुलिस ने अपने कैमरों में आरोपी की तलाश शुरू की। जिसमें पता चला कि व्यापारी प्रकाशचंद्र के दुकान से उठकर जाते ही एक काली शर्ट पहने बदमाश दुकान में घूसा और मात्र 2 मिनट में ही चांदी के जेवर थैली में लेकर फरार हो गया। फूटेज के मुताबिक बदमाश पैदल ही आया था और पैदल ही लक्ष्मीबाई मार्ग की ओर रवाना हुआ। इससे यह बात तो साफ है कि बदमाश दुकान पर नजर जमाए बैठा था, क्योंकि उसे यह पता था कि दुकान में व्यापारी अकेला है और जैसे ही व्यापारी कुछ समय के लिए दुकान छोड़ गया, उसने वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस का कहना है बदमाश की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।

