पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब उनकी वापसी संभव नहीं है और “यह चैप्टर पूरी तरह बंद हो चुका है।”

विधानसभा में बोलते हुए शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने पार्टी के भीतर अनुशासनात्मक कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि आखिर किस टीएमसी के लिए लड़ाई लड़ी जा रही है- उस पार्टी के लिए जो भ्रष्टाचार की शिकायत करने वाले विधायकों को निलंबित करती है या फिर उन लोगों को संरक्षण देती है जिन पर गंभीर आरोप हैं।

ममता-अभिषेक की संपत्तियों पर इशारा

शुभेंदु अधिकारी ने बिना नाम लिए ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा विधेयक लाने जा रही है, जिसके जरिए हरीश मुखर्जी रोड, हरीश चटर्जी स्ट्रीट और आमतला के नेताओं की संपत्तियों की नीलामी की जा सकेगी। राजनीतिक गलियारों में इसे ममता और अभिषेक बनर्जी पर सीधा हमला माना जा रहा है।

‘शौकत और जहांगीर को नहीं छोड़ूंगा’

अपने संबोधन के दौरान अधिकारी ने कहा कि उन्होंने कभी हार नहीं मानी और लगातार संघर्ष किया है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद उन्हें राजनीति छोड़ने की सलाह दी गई थी, लेकिन आज हालात बदल चुके हैं। उन्होंने एक जन स्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग के ठेकेदार द्वारा I-PAC को कथित रूप से 10 करोड़ रुपये दिए जाने का आरोप भी लगाया। हालांकि उन्होंने टीएमसी के कुछ वरिष्ठ नेताओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया, लेकिन साफ कहा कि “शौकत और जहांगीर को नहीं छोड़ूंगा।”

घुसपैठ के मुद्दे पर बड़ा दावा

बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि अब तक 10 हजार घुसपैठियों को वापस भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य की सुरक्षा और बंगाल को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार के कानूनों को लागू किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि हजारों लोगों को रखने के लिए 12 होल्डिंग सेंटर तैयार किए गए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m