IND vs ENG 1st ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज बर्मिंघम के एजबेस्टन इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम को 47.5 ओवर में 258 रन पर समेट दिया। अब टीम इंडिया को सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाने के लिए 259 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा।

जो रूट और लियाम डॉसन ने संभाली पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने एक छोर संभालते हुए 76 रन की शानदार पारी खेली। उनके साथ लियाम डॉसन ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए 63 रन बनाए और दोनों ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

इन दोनों के अलावा सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने 43 रन, विल जैक्स ने 20 रन, जैकब बेथल ने 14 रन और जोफ्रा आर्चर ने 12 रन का योगदान दिया। वहीं अपने करियर का 200वां वनडे मुकाबला खेल रहे जोस बटलर बड़ी पारी नहीं खेल सके और सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

अक्षर पटेल ने मचाया कहर

भारतीय गेंदबाजों ने पूरे मैच में शानदार अनुशासन के साथ गेंदबाजी की। अक्षर पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए। उनकी सटीक लाइन और लेंथ के सामने इंग्लैंड के बल्लेबाज टिक नहीं सके।

अक्षर के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार ने 2-2 विकेट झटके। वहीं लंबे समय बाद वनडे टीम में वापसी कर रहे जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे को भी 1-1 सफलता मिली।

भारत के सामने 259 रन का लक्ष्य

258 रन पर इंग्लैंड की पूरी टीम सिमटने के बाद अब भारतीय बल्लेबाजों के सामने 259 रन का लक्ष्य है। यदि टीम इंडिया इस लक्ष्य को हासिल कर लेती है तो वह तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त बना लेगी।

भारत और इंग्लैंड दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत की प्लेइंग 11

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बराड़, जसप्रित बुमरा, प्रसिद्ध कृष्णा

इंग्लैंड की प्लेइंग 11

हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल रशीद।

कहां देखें भारत बनाम इंग्लैंड पहला वनडे लाइव?

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले तीन मैचों की वनडे सीरीज का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जा रहा है। वहीं, जो दर्शक मोबाइल या ऑनलाइन मैच देखना चाहते हैं, वे JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H