IND vs ENG 4th T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर खेला जा रहा है। भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। टॉस के दौरान अय्यर ने बताया कि वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा चोट के कारण आज के मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं हैं। उनकी जगह वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा की प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई है।

सीरीज का पहला मुकाबला बारिश के कारण बेनतीजा रहा था, जबकि दूसरे और तीसरे टी20 में मेजबान इंग्लैंड ने शानदार जीत दर्ज कर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। ऐसे में भारत के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा होगा। अगर टीम इंडिया आज हारती है तो सीरीज भी गंवा देगी। वहीं, इंग्लैंड के पास पहली बार भारत के खिलाफ दो या उससे अधिक मैचों की टी20 सीरीज जीतकर इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा।
भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला इसलिए भी बेहद अहम है क्योंकि इंग्लैंड दौरे से पहले उसे आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था। अगर भारत यह सीरीज भी हार जाता है तो 2018-19 के बाद पहली बार लगातार दो टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज गंवाएगा। दूसरी ओर, इंग्लैंड जीत के साथ अपने घरेलू मैदान पर दबदबा कायम रखने की कोशिश करेगा।
बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 10 बजे से शुरू होगा। मुकाबले से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग इलेवन, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 33 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 18 और इंग्लैंड ने 14 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा। हालांकि इंग्लैंड की धरती पर मेजबान टीम का रिकॉर्ड बेहतर है। यहां दोनों देशों के बीच खेले गए 10 मुकाबलों में इंग्लैंड ने 7 और भारत ने 4 मैच जीते हैं, जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
श्रेयस अय्यर पर पहली जीत का दबाव

टी-20 कप्तान बनने के बाद श्रेयस अय्यर लगातार दबाव में हैं और अब तक एक भी मुकाबला नहीं जीत सके है। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 में 125 रन की करारी हार के बाद उन्होंने टीम के प्रदर्शन को निराशाजनक बताया था। आईपीएल समेत अपनी पिछली 11 टी-20 कप्तानी में श्रेयस 10 मुकाबले हार चुके हैं। हालांकि मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कप्तान का समर्थन करते हुए कहा कि एक हार से टीम खराब नहीं हो जाती और भारतीय टीम अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की रणनीति में कोई बदलाव नहीं करेगी।
वैभव सूर्यवंशी पर भी रहेंगी सभी की निगाहें

इस मुकाबले में 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर भी सभी की निगाहें रहेंगी। उन्होंने अपने शुरुआती दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में क्रमशः 14 और 13 रन बनाए हैं। अब तक दो मैचों में उनके बल्ले से केवल 27 रन निकले हैं, ऐसे में चौथे टी-20 में उनसे बड़ी और मैच जिताऊ पारी की उम्मीद की जाएगी।
ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड की पिच रिपोर्ट
ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। मैदान का आकार अपेक्षाकृत छोटा होने के कारण यहां चौके-छक्के आसानी से लगते हैं और हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। हालांकि नई गेंद से शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट का फायदा मिल सकता है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो जाता है। ऐसे में एक बार फिर दर्शकों को बड़े स्कोर वाला रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

ब्रिस्टल के इस मैदान पर भारत ने अब तक केवल एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला है। वर्ष 2018 में खेले गए उस मुकाबले में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया था। वहीं, इस मैदान पर अब तक 7 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं, जिनमें 4 मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 3 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के नाम रहे हैं।
भारत और इंग्लैंड की प्लेइंग-11

भारत की प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिसिध कृष्णा
इंग्लैंड की प्लेइंग-11
फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग
टी20 सीरीज के लिए भारत और इंग्लैंड का पूरा स्क्वॉड

टी20 सीरीज के लिए भारत का स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा और सूर्यांश शेडगे।
टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड का स्क्वॉड
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जॉस बटलर, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल साल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

