IND vs PAK Men’s Hockey Semi-Final, Asian Games 2026: एशियन गेम्स में भारत और पाकिस्तान के बीच पुरुष हॉकी सेमीफाइनल में रोमांच की सारी हदें पार हो गईं। भारतीय टीम ने आखिरी मिनट में अभिषेक के निर्णायक गोल की बदौलत पाकिस्तान को 4-3 से हराकर गोल्ड मेडल मैच में जगह बना ली। एक समय भारत 3-0 से आगे था, लेकिन पाकिस्तान ने जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 3-3 कर दिया। मुकाबला बराबरी पर पहुंचने के बाद आखिरी मिनट में अभिषेक ने गोल दागकर भारत को जीत दिला दी।

भारत ने शुरुआती मिनटों में बनाई बढ़त

भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। 5वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी पर गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद 13वें मिनट में हरमनप्रीत ने फिर गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।

भारतीय टीम यहीं नहीं रुकी। 23वें मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल कर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। शुरुआती तीन क्वार्टर तक भारतीय टीम मुकाबले पर मजबूत पकड़ बनाए हुए थी।

पाकिस्तान ने 3 गोल कर मैच में की वापसी

तीन गोल से पिछड़ने के बाद पाकिस्तान ने हार नहीं मानी। हाफ टाइम से ठीक पहले अबू बकर महमूद ने पेनल्टी पर गोल कर पाकिस्तान का खाता खोला। इसके बाद 45वें मिनट में शाहिद हन्ना ने गोल कर अंतर 3-2 कर दिया।

पाकिस्तान की वापसी का सिलसिला जारी रहा और 49वें मिनट में वसीम राणा ने गोल दागकर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। इसके बाद मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया और दोनों टीमें निर्णायक गोल की तलाश में जुट गईं।

आखिरी मिनट में अभिषेक का गोल बना जीत का हीरो

59 मिनट का खेल पूरा होने तक स्कोर 3-3 था। मुकाबला अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता नजर आ रहा था, लेकिन आखिरी मिनट में अभिषेक ने गोल दागकर भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी। पाकिस्तान को इसके बाद बराबरी का मौका नहीं मिला और भारत ने रोमांचक जीत के साथ फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।

पूल स्टेज में भी अजेय रहा था भारत

भारतीय टीम ने एशियन गेम्स 2026 के पूल स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने अपने सभी पांचों मुकाबले जीते और पूल ए में शीर्ष स्थान हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। भारत ने इंडोनेशिया को 13-1, श्रीलंका को 16-1, दक्षिण कोरिया को 8-2, जापान को 2-0 और बांग्लादेश को 10-0 से हराया था।

अब गोल्ड मेडल के लिए होगी भिड़ंत

पाकिस्तान को हराने के बाद भारत अब गोल्ड मेडल के लिए मैदान में उतरेगा। फाइनल में उसका सामना मलेशिया और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। पुरुष हॉकी का गोल्ड मेडल मुकाबला 3 अक्टूबर को निर्धारित है।

12वें दिन भारत की झोली में आए 2 और मेडल, मेडल टैली में 8वें स्थान पर

जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स के 12वें दिन गुरुवार को भारत ने 2 और मेडल अपने नाम किए। इन पदकों के साथ भारत की कुल पदक संख्या बढ़कर 62 हो गई है। भारत मेडल टैली में फिलहाल 8वें स्थान पर है।

भारत के खाते में अब तक 10 गोल्ड, 21 सिल्वर और 31 ब्रॉन्ज मेडल हैं। भारतीय खिलाड़ी प्रतियोगिता के अंतिम दौर में पदकों की संख्या बढ़ाने के लिए मैदान में उतर रहे हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H